मुआवजा घोटाला: EOW ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार, दस्तावेजों में गड़बड़ी कर मुआवजे की राशि में किया हेरफेर

मुआवजा घोटाला: EOW ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार, दस्तावेजों में गड़बड़ी कर मुआवजे की राशि में किया हेरफेर

April 27, 2025 0 By Ajeet Yadav

रायपुर । राजधानी में शुक्रवार को आर्थिक अपराध अनुसंधान शाखा (EOW) ने भारतमाला परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण में हुई भारी अनियमितताओं के मामले में बड़ी कार्यवाही करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में हरमीत खनूजा, उमा तिवारी, केदार तिवारी और विजय जैन के नाम शामिल हैं। सभी आरोपियों को ACB/EOW की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां EOW ने सात दिन की पुलिस रिमांड के लिए आवेदन प्रस्तुत किया है।

सूत्रों के अनुसार, भारतमाला प्रोजेक्ट के दौरान अधिग्रहण की जाने वाली जमीनों के दस्तावेजों में भारी फर्जीवाड़ा किया गया था। आरोपियों ने एक ही भूमि पर छह-छह अलग-अलग मालिक दर्शाकर मुआवजा वितरण में घोटाला किया। इस कृत्य से सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुंचाया गया और गलत तरीके से बड़ी रकम का बंदरबांट किया गया।

EOW की टीम ने शुक्रवार को रायपुर सहित अन्य स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। छापेमारी के दौरान दस्तावेजों और डिजिटल सबूतों को भी जब्त किया गया है, जो भूमि अधिग्रहण में हुए फर्जीवाड़े की पुष्टि करते हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों से इस मामले में गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि इस घोटाले से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने लाए जा सकें।