
राजधानी में आज कांग्रेस करेगी CM हाउस का घेराव, प्रदेशभर से जुटेंगे कार्यकर्ता, बढ़ते अपराधों के खिलाफ करेगी प्रदर्शन
April 21, 2025रायपुर । छत्तीसगढ़ कांग्रेस आज मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेगी। छत्तीसगढ़ में बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून व्यवस्थ को लेकर कांग्रेस के इस विरोध प्रदर्शन में प्रदेशभर से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता आज रायपुर में जुटेंगे। सूबे की साय सरकार पर कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि मौजूदा सरकार अपराध रोकने में नाकाम साबित हुई है और जनता भय के माहौल में जी रही है।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में बढ़ते हत्या, बलात्कार और लूट के मामलों को लेकर कांग्रेस ने सरकार को घेरने की रणीनति बनायी है। इसी रणनीति के तहत आज कांग्रेस सीएम हाउस घेराव के जरिये शक्ति प्रदर्शन भी करेगी। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने सूबे की साय सरकार पर आरोप लगाया है कि राज्य में भाजपा सरकार के 15 महीने पूरे होने के बाद भी कानून व्यवस्था पटरी पर नहीं लौट सकी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं, आम आदमी डरा हुआ है। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे। आज हालत ये है कि कोई नशेड़ी या गुंडा कब किसे चाकू मार दे, इसका कोई भरोसा नहीं। भाजपा सरकार से कानून व्यवस्था नहीं संभल रही है।