आध्यात्म, योग और साधना का महाकुंभ: शिवानंद आश्रम गुमरगुंडा में 7 दिवसीय योग साधना शिविर एवं स्वामी सदाप्रेमानंद सरस्वती जी की पुण्यतिथि समारोह

आध्यात्म, योग और साधना का महाकुंभ: शिवानंद आश्रम गुमरगुंडा में 7 दिवसीय योग साधना शिविर एवं स्वामी सदाप्रेमानंद सरस्वती जी की पुण्यतिथि समारोह

December 24, 2025 0 By Ajeet Yadav
अभय सिंह अटामी जिला संवाददाता

दंतेवाड़ा आध्यात्मिक चेतना, योग साधना और मानव कल्याण के संकल्प को साकार करने हेतु श्री शिवानंद आश्रम, दिव्य जीवन संघ शाखा गुमरगुड़ा द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी ब्रह्मलीन परम पूज्य स्वामी सदाप्रेमानंद सरस्वती जी महाराज की 33वीं पुण्यतिथि एवं आराधना दिवस का भव्य आयोजन श्रद्धा, भक्ति एवं दिव्य आध्यात्मिक वातावरण में किया जा रहा है। यह पावन कार्यक्रम पौष शुक्ल षष्ठी, दिनांक 26 दिसंबर 2025 (शुक्रवार) को आश्रम परिसर में विधिवत संपन्न होगा।
इस पुण्य अवसर को और अधिक सार्थक बनाने के उद्देश्य से दिनांक 20 दिसंबर से 26 दिसंबर 2025 तक सात दिवसीय योग साधना शिविर का आयोजन भी किया जा रहा है। इस योग साधना शिविर के अंतर्गत प्रतिदिन प्रातः एवं सायंकाल योगासन, प्राणायाम, ध्यान, सत्संग एवं आध्यात्मिक प्रवचनों का आयोजन किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य साधकों एवं श्रद्धालुओं को शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक शांति और आत्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त करना है।
आयोजकों के अनुसार, इस सात दिवसीय योग साधना शिविर के माध्यम से साधकों को योग एवं अध्यात्म के व्यावहारिक और गूढ़ पक्षों को समझने का अवसर मिलेगा, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, संयम और संतुलन का विकास होगा।

कार्यक्रम की आध्यात्मिक गरिमा को और अधिक ऊँचाई प्रदान करने हेतु दिव्य जीवन संघ, मुख्यालय ऋषिकेश के महासचिव पूज्य स्वामी अद्वैतानंद सरस्वती जी महाराज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उनके दिव्य सान्निध्य एवं मार्गदर्शक प्रवचनों से उपस्थित साधकों, भक्तों और योग प्रेमियों को योग, साधना एवं आत्मबोध के गूढ़ रहस्यों को आत्मसात करने का सौभाग्य प्राप्त होगा।
आयोजन समिति ने बताया कि ब्रह्मलीन स्वामी सदाप्रेमानंद सरस्वती जी महाराज का सम्पूर्ण जीवन सेवा, साधना, त्याग और मानव कल्याण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने अपने जीवन के प्रत्येक क्षण को समाज, साधकों और मानवता के उत्थान में अर्पित किया। उन्हीं के आदर्शों, शिक्षाओं और दिव्य प्रेरणाओं को जीवंत बनाए रखने के उद्देश्य से यह पुण्य आयोजन प्रतिवर्ष किया जाता है, जिसमें दूर-दराज़ के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु, साधक एवं योग प्रेमी बड़ी संख्या में सहभागिता करते हैं।
आयोजन समिति द्वारा समस्त श्रद्धालुओं, साधकों, योग प्रेमियों एवं क्षेत्रवासियों से विनम्र अनुरोध किया गया है कि वे इस पावन अवसर पर सपरिवार शिवानंद आश्रम गुमरगुंडा में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करें, योग साधना शिविर में सहभागिता निभाएं तथा इस आध्यात्मिक आयोजन को सफल बनाकर अपने जीवन को योग, साधना और अध्यात्म की दिव्य ऊर्जा से आलोकित करें।