जेल ब्रेक के 24 घंटे बाद भी फरार 4 कैदियों का नही मिल सका सुराग, पुलिस सरगर्मी से तलाश में जुटी, SP ने किया 10 हजार रूपये इनाम की घोषणा

जेल ब्रेक के 24 घंटे बाद भी फरार 4 कैदियों का नही मिल सका सुराग, पुलिस सरगर्मी से तलाश में जुटी, SP ने किया 10 हजार रूपये इनाम की घोषणा

August 4, 2025 0 By Ajeet Yadav

अजित यादव छत्तीसगढ़। कोरबा में जेल ब्रेक के 24 घंटे बाद भी जेल से फरार होने वाले 4 कैदियों का सुराग नही मिल सका है। वहीं इस घटना की जानकारी के बाद जेल डीजी हिमांशु गुप्ता शनिवार रात ही जिला जेल कोरबा पहुंचे। फरार कैदियों के खिलाफ जेल प्रबंधन ने पुलिस में अपराध दर्ज करा दिया है। जिसके बाद से ही पुलिस लगातार फरार कैदियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। वहीं कोरबा जेल ब्रेक का वीडियों भी सामने आया है, जिसमें चारों कैदी दीवार फांदकर बड़ी ही आसानी से भागते हुए नजर आ रहे है। वीडियों में देखा जा सकता है कि जिला जेल के बाहरी हिस्से में सुरक्षा की दृष्टि से लगे कटीले फेंसिंग वायर भी टूटे थे। जिसे बड़ी ही आसानी से पार कर सभी कैदी फरार होने में कामयाब हो गये। वहीं कोरबा एसपी ने फरार कैदियों की सूचना देने वालों के लिए 10 हजार रूपये की घोषणा की है।

गौरतलब है कि एक दिन पहले शनिवार को जिला जेल कोरबा से 4 कैदी दीवार फांद कर फरार हो गये थे। फरार होने वाले निरूद्व बंदियों को पुलिस ने पाक्सो और दुष्कर्म के जुर्म में गिरफ्तार कर जेल दाखिल किया था। इनमें तीन आरोपी कोरबा और एक आरोपी रायगढ़ जिले का निवासी था। जेल ब्रेक की इस घटना की जानकारी के बाद जेल प्रबंधन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया था। पुलिस अधिकारियों द्वारा फरार कैदियों की फोटो जारी कर उनकी धरपकड़ के लिए जिले में नाकेबंदी भी की गयी। लेकिन पुलिस की लगातार छापामार कार्रवाई और पतासाजी के 24 घंटे बाद भी खास सफलता नही मिल सकी है। इस घटना की तफ्तीश कर रहे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार कैदियों को जिला जेल की गौशाला में बीमार मवेशियों की देखरेख का जिम्मा सौंपा गया था।

शनिवार को तेज बारिश के बाद दोपहर के वक्त बिजली कटने का फायदा उठाकर चारो कैदी जेल की दीवार फांदकर फरार हो गये। जिला जेल में लगे सीसीटीवी कैमरें में ये पूरी घटना कैद हो गयी है। बताया जा रहा है कि जिला जेल ब्रेक की जानकारी के बाद शनिवार रात ही जेल डीजी हिमांशु गुप्ता कोरबा पहुंचे। उन्होने जिला जेल का निरीक्षण कर इस घटना की जानकारी ली। इस पूरे घटनाक्रम में कहां चूक हुई, जिसका फायदा उठाकर कैदी फरार हो गये, इसका खुलासा नही हो सका है। लिहाजा जेल डीजी के दौरे के बाद भी अब तक जिला जेल के किसी भी कर्मी पर कोई एक्शन नही लिया गया है। वहीं दूसरी तरफ पुलिस विभाग के अधिकारी फरार कैदियों की धरपकड़ के लिए लगातार प्रयासरत है। पुलिस की अलग-अलग टीमें फरार कैदियों के ठिकानों पर छापामार कार्रवाई कर उनका सुराग जुटाने का प्रयास कर रही है।

एसपी ने किया 10 हजार रूपये इनाम की घोषणा
जेल ब्रेक कर फरार होने वाले कैदियों पर कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने 10 हजार रूपये इनाम की घोषणा की है। गौरतलब है कि जिला जेल कोरबा से एक साथ चार कैदियों के फरार होने से पुलिस के सामने बड़ी चुनौती है। एसपी सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर जहां पुलिस की अलग-अलग टीमें फरार कैदियों का सुराग जुटाने के साथ ही लगातार छापामार कार्रवाई कर रही है। वहीं अब एसपी ने फरार कैदियों की धरपकड़ में मदद करने या फिर पुख्ता सूचना देने वालों के लिए 10 हजार रूपये के इनाम की घोषणा की है।