उद्योग मंत्री देवांगन ने कहा….मुख्यमंत्री दिल्ली का हो या छत्तीसगढ़ का…….जो घोटाला करेगा वो जेल जायेगा ! कांग्रेस की आर्थिक नाकेबंदी पर गरमायी राजनीति

उद्योग मंत्री देवांगन ने कहा….मुख्यमंत्री दिल्ली का हो या छत्तीसगढ़ का…….जो घोटाला करेगा वो जेल जायेगा ! कांग्रेस की आर्थिक नाकेबंदी पर गरमायी राजनीति

July 22, 2025 0 By Ajeet Yadav
छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेशव्यापी चक्काजाम को लेकर सूबे की राजनीति गरमा गयी है। एक तरफ जहां कांग्रेस प्रदेश के सभी 33 जिलों में नेशनल हाइवे और मुख्य मार्गो पर चक्काजाम करने की तैयारी में है। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस के इस चक्काजाम पर बीजेपी हमलावर है। उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पुत्र मोह में पूरे कांग्रेस को झोंक रहे है। लखन लाल देवांगन ने ईडी पर उठाये जा रहे सवाल पर खुलकर कहा कि ईडी स्वतंत्र एजेंसी है और जो भी घोटाला करेगा चाहे वह दिल्ली का मुख्यमंत्री हो, झारखंड का मुख्यमंत्री हो या छत्तीसगढ़ का मुख्यमंत्री हो, जो घोटाला करेगा उसका स्थान जेल में ही है।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में हुए शराब घोटाला मामले में 18 जुलाई को ईडी ने पूर्व सीएम भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को गिरफ्तार किया है। ईडी के इस एक्शन के बाद प्रदेश की राजनीति में उबाल आ गया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ ही कांग्रेस का केंद्रीय नेतृत्व इस मुद्दे को लेकर बीजेपी पर हमलावर बना हुआ है। इसी कड़ी में 22 जुलाई को कांग्रेस प्रदेशव्यापी चक्काजाम कर आर्थिक नाकेबंदी का आह्वान किया है। ईडी की कार्रवाई के विरोध में प्रदेश स्तर पर कांग्रेसी इस महाजाम को सफल बनाने की पूरी तैयारी में है। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस की इस आर्थिक नाकेबंदी को लेकर बीजेपी भी हमलावर हो गयी है। छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री और बीजेपी के सीनियर लीडर्स ने सोमवार को प्रेसवार्ता लेकर कांग्रेस पर हमला किया। कोरबा में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने बीजेपी कार्यायल में प्रेस कांफ्रेंस लेकर कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकार और भूपेश बघेल पर गंभीर आरोप लगाये।

कांग्रेस का महाजाम आज: भूपेश बघेल के बेटे की गिरफ्तारी पर उबली सियासत, इन सड़कों पर आज होगी नाकेबंदी, जानिये किन गाड़ियों पर रहेगी रोक, किन्हें मिलेगी छूट
घोटाला करने वाले मुख्यमंत्री का स्थान जेल है- लखनलाल देवांगन
कोरबा में आयोजित प्रेसवार्ता में मंत्री देवांगन ने स्पष्ट किया कि ईडी,सीबीआई स्वतंत्र एजेंसी है। भ्रष्टाचार के मामले में ये एजेंसिया निष्पक्ष रूप से जांच कर कार्रवाई करती है। कांग्रेस के आरोपों पर जवाब देते हुए मंत्री देवांगन ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में छत्तीसगढ़ में शराब, कोयला और डीएमफ में अरबों रूपये का घोटाला हुआ। जिसकी परते अब जांच में लगातार खुल रही है। भ्रष्टाचार के इन्ही मामले में कांग्रेस सरकार के आबकारी मंत्री कवासी लखमा, कई अफसर और कारोबारी आज जेल में है। उन्होने साफ किया कि जांच के बाद ईडी पूर्व सीएम बघेल के बेटे तक पहुंच गयी है, आने वाले दिनों में भूपेश बघेल भी ईडी के घेरे में आयेंगे। शराब घोटाला में दिल्ली और झारखंड के सीएम की गिरफ्तारी के सवाल पर मंत्री देवांगन ने कहा कि…. घोटाला करने वाले चाहे दिल्ली के मुख्यमंत्री हो, झारखंड के मुख्यमंत्री या फिर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री, जो भी घोटाला करेगा उसका स्थान जेल ही है।

पुत्र मोह में कांग्रेस को झोंक रहे है पूर्व सीएम बघेल
मंत्री लखनलाल देवांगन ने कांग्र्रेस की आर्थिक नाकेबंदी पर पूर्व मुख्यमंत्री बघेल पर हमला किया। उन्होने सवाल उठाया कि भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल का कांग्रेस में कोई पद नहीं है, उस व्यक्ति के लिए पूरी कांग्रेस प्रदेश में प्रदर्शन करने की बात कह रही है। इसका साफ मतलब है भूपेश बघेल ने पूरी कांग्रेस को पुत्र मुंह में झोंक दिया है। कुल मिलाकर भूपेश बघेल अपने कारनामे को गलत दिशा देने का प्रयास कर रहे हैं । भूपेश बघेल और कांग्रेस भ्रष्टाचारियों को बचाने पूरे प्रदेश की जनता को परेशान कर रही है और साथ ही उनका आर्थिक रूप से नुकसान भी करने जा रही है, जो कि प्रदेश की जनता स्वीकार नहीं करेगी। मंत्री देवांगन ने कहा की कोल ब्लॉक आवंटन को लेकर कांग्रेस पार्टी और भूपेश बघेल के झूठ का पर्दापाश हो गया है। भाजपा ने पत्रकार वार्ता में तथ्यों एवं दस्तावेज के माध्यम से कांग्रेस के झूठ को एक बार फिर बेनकाब किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चोरी और सीनाजोरी का उदाहरण बार-बार प्रस्तुत कर रही है। आप सबको पता होगा कि अपने शासनकाल के पाँच वर्ष में भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ को दस जनपथ का चारागाह बना दिया था।