“शराब घोटाले में ACB की कार्यशैली पर उठी अंगुली”: BJP नेता नरेश चंद्र गुप्ता का बड़ा आरोप, कहा—सरकार की मंशा के विपरीत हो रहा काम, जरूरत पड़ी तो सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई

“शराब घोटाले में ACB की कार्यशैली पर उठी अंगुली”: BJP नेता नरेश चंद्र गुप्ता का बड़ा आरोप, कहा—सरकार की मंशा के विपरीत हो रहा काम, जरूरत पड़ी तो सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई

July 8, 2025 0 By Ajeet Yadav
रायपुर। छत्तीसगढ़ में 2000 करोड़ से अधिक के शराब घोटाले को लेकर अब भाजपा के अंदर से भी जांच एजेंसी ACB के कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। भाजपा कार्यालय मंत्री और वरिष्ठ अधिवक्ता नरेश चंद्र गुप्ता ने इस मामले में ACB के आचरण को “संदिग्ध और मनमाना” करार दिया है।गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर ट्वीट करते हुए लिखा कि, “शासन की मंशा दोषियों पर कार्रवाई की है, लेकिन आज जो कार्य हुआ है, वह शासन की मंशा के विपरीत है।“


सरकार के भीतर ही उठी आवाज
नरेश गुप्ता ने कहा कि सरकार ने PC एक्ट की धारा 17 और 19 के तहत ACB को जांच और अभियोजन की स्वीकृति प्रदान की है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि शासन दोषियों पर कठोर कार्रवाई चाहता है। लेकिन इसके बावजूद ACB का मौजूदा रवैया संदेहास्पद है, जिससे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि कुछ प्रभावशाली अधिकारियों को बचाने की तैयारी चल रही है।

भूपेश सरकार पर गंभीर आरोप
गुप्ता ने ट्वीट में लिखा कि, “भूपेश बघेल के नेतृत्व में जो शराब घोटाला हुआ, उसके मूल में खुद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, निरंजनदास, एपी त्रिपाठी, टूटेजा, अनवर ढेबर और आबकारी विभाग के तमाम अधिकारी हैं।“

सुप्रीम कोर्ट तक जाएगी लड़ाई
गुप्ता ने चेतावनी दी कि यदि ACB की जांच पारदर्शी नहीं हुई और दोषियों को बचाने की कोशिश की गई, तो भाजपा सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने कहा, “हमारे पास सारे रिकॉर्ड्स हैं। दोहरे चरित्र को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।“