ऑपरेशन सिंदूर के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात 8 बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे

ऑपरेशन सिंदूर के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात 8 बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे

May 12, 2025 0 By Ajeet Yadav


नई दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात 8 बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे। यह जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) द्वारा सोमवार को आधिकारिक रूप से दी गई। उनके इस संबोधन को लेकर देशभर में उत्सुकता और कयास तेज हो गए हैं कि वह किस विषय पर बोलने वाले हैं।

क्या हो सकते हैं संभावित मुद्दे?
हालांकि पीएमओ की ओर से विषय की कोई जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री का यह संबोधन देश की वर्तमान सुरक्षा स्थिति, आर्थिक हालात, या फिर हालिया सीजफायर के घटनाक्रम से जुड़ा हो सकता है। साथ ही कुछ लोग इसे आगामी नीतिगत बदलाव या नई योजनाओं की घोषणा से भी जोड़ कर देख रहे हैं।

पिछली बार भी रात 8 बजे आया था बड़ा ऐलान
गौरतलब है कि इससे पहले भी जब-जब प्रधानमंत्री मोदी ने रात 8 बजे राष्ट्र को संबोधित किया है, तब नोटबंदी, कोविड-19 लॉकडाउन, या विशेष योजनाओं की घोषणा जैसे अहम फैसले सामने आए हैं। इसी वजह से इस बार भी देशभर की निगाहें इस संबोधन पर टिकी हुई हैं।

टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर होगा प्रसारण
प्रधानमंत्री का यह संबोधन सभी प्रमुख न्यूज़ चैनलों, सरकारी प्रसारण सेवा दूरदर्शन, और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रसारित किया जाएगा।