जब देर रात झीरम घाटी से गुजरा उप मुख्यमंत्री का काफिला, विजय शर्मा बोले, आज रात…

जब देर रात झीरम घाटी से गुजरा उप मुख्यमंत्री का काफिला, विजय शर्मा बोले, आज रात…

April 14, 2025 0 By Ajeet Yadav
सुकमा। छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा शनिवार, 13 अप्रैल 2025 को एकदिवसीय प्रवास पर सुकमा पहुंचे। लौटने के दौरान वो घोर नक्सल झीरम से सड़क मार्ग से गुजरे। देर रात उनका झीरम घाटी से लौटते हुए एक वीडियो भी सामने आया है।

इससे पहले सुकमा में दौरे के दौरान उन्होंने न केवल पंचायत प्रतिनिधियों से मुलाकात की, बल्कि आत्मसमर्पित नक्सलियों से संवाद स्थापित कर राज्य सरकार की पुनर्वास नीति की जमीनी हकीकत का जायजा भी लिया।

श्री शर्मा ने नक्सल पुनर्वास केंद्र का गहन निरीक्षण करते हुए वहां रह रहे आत्मसमर्पित नक्सलियों के रहन-सहन, शिक्षा, स्वास्थ्य, दस्तावेजीय सुविधा और रोजगार उपलब्धता की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शांति, विकास और सामाजिक समावेश के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आत्मसमर्पण करने वालों को लघु वनोपज आधारित प्रसंस्करण, कृषि आधारित रोजगार एवं कौशल उन्नयन कार्यक्रमों से जोड़ा जाए। श्री शर्मा ने एक नियमित प्रशिक्षक की नियुक्ति और प्रशिक्षण की सतत व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही पुनर्वास केंद्र में देवस्थली की स्थापना कर पूजा-अर्चना की व्यवस्था करने की भी बात कही।

गृह मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए राशन कार्ड, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, वोटर आईडी, बैंक पासबुक और अन्य आवश्यक दस्तावेज शीघ्रता से बनाए जाएंगे। उन्होंने इस पूरी प्रक्रिया को तेज गति से लागू करने के निर्देश दिए।

दौरे के पश्चात मौसम की खराबी और रात का समय होने के कारण उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा सड़क मार्ग से झीरम घाटी होते हुए रायपुर के लिए रवाना हुए। उनका यह निर्णय सुरक्षा की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना गया।

इस अवसर पर उनके साथ बस्तर सांसद महेश कश्यप, महिला आयोग की सदस्य दीपिका सोरी, बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी., सुकमा कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, एसपी किरण चव्हाण, डीआईजी कमलोचन कश्यप, पंचायत विभाग के सचिव तारण प्रकाश सिन्हा, तथा अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।