पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय डौरा में एलुमिनी मीट का भव्य आयोजन  , 29 वर्ष पूर्ण होने पर पूर्व छात्रों व शिक्षकों का हुआ ऐतिहासिक मिलन

पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय डौरा में एलुमिनी मीट का भव्य आयोजन , 29 वर्ष पूर्ण होने पर पूर्व छात्रों व शिक्षकों का हुआ ऐतिहासिक मिलन

February 19, 2026 0 By Ajeet Yadav

रोहित यादव ( बलरामपुर ) : – पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय डौरा में वार्षिक एलुमिनी मीट का भव्य एवं यादगार आयोजन किया गया। विद्यालय की स्थापना के 29 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व प्राचार्य, सेवानिवृत्त शिक्षक, पूर्व छात्र-छात्राएँ तथा वर्तमान शिक्षकगण बड़ी संख्या में शामिल हुए। यह अवसर विद्यालय के गौरवशाली इतिहास, उपलब्धियों और भविष्य की दिशा को समर्पित रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुई। इसके पश्चात छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया। नृत्य, गीत और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यालय के संस्कार, अनुशासन और प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित पूर्व छात्रों ने अपने छात्र जीवन की स्मृतियों को साझा करते हुए शिक्षकों के योगदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय से प्राप्त शिक्षा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों ने उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की दिशा दी। कई पूर्व छात्रों ने विभिन्न शासकीय, निजी एवं सामाजिक क्षेत्रों में अपनी उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए संस्था के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

संस्था के प्राचार्य संजय कुमार एक्का ने अपने संबोधन में विद्यालय के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह विद्यालय वर्ष 1998 में हाई स्कूल के रूप में प्रारंभ हुआ था। समय के साथ विद्यालय ने निरंतर प्रगति की और शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ हासिल कीं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों द्वारा बोया गया ज्ञान का बीज आज फल-फूल रहा है और विद्यालय के विद्यार्थी आज विभिन्न क्षेत्रों में सफलता के साथ विद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान वर्तमान स्टाफ एवं शिक्षकों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। शिक्षक प्रकाश कुजूर, केश्वर नायक, कमलेश्वर कुजूर सहित अन्य शिक्षकों ने विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन और छात्र हितैषी वातावरण पर अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि एलुमिनी मीट जैसे आयोजन वर्तमान छात्रों को प्रेरणा देने का कार्य करते हैं।
जानकारी दी गई कि वर्ष 2021 में विद्यालय को स्वामी आत्मानंद हिन्दी–अंग्रेजी माध्यम विद्यालय का दर्जा प्राप्त हुआ, वहीं वर्ष 2024 में यह पीएम श्री स्कूल के रूप में संचालित हुआ। वर्तमान में विद्यालय की दर्ज संख्या 869 है, जो पूरे ब्लॉक में सर्वाधिक है। विद्यालय में सभी विषयों के विषय शिक्षक पदस्थ हैं तथा अंग्रेजी माध्यम का परीक्षा परिणाम विगत वर्ष 100 प्रतिशत रहा है।

कार्यक्रम के अंत में पूर्व छात्रों एवं विशिष्ट अतिथियों का सम्मान किया गया तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया गया। एलुमिनी मीट का यह आयोजन न केवल अतीत और वर्तमान को जोड़ने वाला रहा, बल्कि भविष्य के लिए भी प्रेरणास्रोत सिद्ध हुआ।