पीएमश्री सेजेस आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय डौरा में वार्षिक उत्सव का आयोजन , छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बिखेरी प्रतिभा

पीएमश्री सेजेस आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय डौरा में वार्षिक उत्सव का आयोजन , छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बिखेरी प्रतिभा

February 19, 2026 0 By Ajeet Yadav

रोहित यादव ( बलरामपुर ) : पीएमश्री सेजेस आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय डौरा में बुधवार को भव्य वार्षिक उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नृत्य, गीत, नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों ने खूब सराहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के सदस्य कृष्णा गुप्ता रहे। उन्होंने मां सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसके पश्चात अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।

वार्षिक उत्सव के दौरान विद्यार्थियों की रचनात्मकता, सांस्कृतिक विरासत और शैक्षणिक उपलब्धियों की झलक एक साथ देखने को मिली। बच्चों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों ने न केवल मनोरंजन किया, बल्कि सामाजिक संदेश भी दिया।

विद्यालय के प्राचार्य संजय कुमार एक्का ने अपने संबोधन में कहा कि वार्षिक उत्सव विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा को निखारने और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि विद्यालय का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों का सर्वांगीण विकास करना है, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों का डटकर सामना कर सकें।

समारोह के अंत में वार्षिक उत्सव एवं शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि कृष्णा गुप्ता द्वारा सम्मानित किया गया, जिससे छात्रों का उत्साह और मनोबल बढ़ा।

इस अवसर पर शाला प्रबंध विकास समिति के अध्यक्ष महेन्द्र गुप्ता, विशिष्ट अतिथि अनिता मरकाम (डीडीसी), संतोष आयम (बीडीसी), कृष्णा मरकाम, प्रेमसाय सांडिल्य (सरपंच) डौरा, ममता रजक (अध्यक्ष महिला मोर्चा संघ), राजेन्द्र सिंह, अमरसाय सोनवानी, प्रेमलाल रजक, अजय कुमार, नन्दलाल मिश्रा, आकाश तिर्की सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।