मुंगेली के चर्चित चाय व्यवसायी विमल यादव का आकस्मिक निधन, अंतिम संस्कार आज
February 19, 2026मुंगेली के चर्चित चाय व्यवसायी विमल यादव का आकस्मिक निधन, अंतिम संस्कार आज
मुंगेली। शहर के पुराना रफ्ता पुल के पास स्थित अपनी प्रसिद्ध चाय दुकान के लिए जाने जाने वाले विमल यादव का गुरुवार की सुबह हृदयाघात से निधन हो गया। वे 60 वर्ष के थे। जानकारी के अनुसार 19 फरवरी 2026 को सुबह लगभग 6 बजे घर में स्नान के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन तत्काल उन्हें जिला अस्पताल मुंगेली लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
विमल यादव अपने परिश्रम, सादगी और मिलनसार स्वभाव के कारण क्षेत्र में विशेष पहचान रखते थे। उनकी चाय की दुकान सिर्फ एक व्यवसाय नहीं, बल्कि लोगों के मिलने-जुलने का प्रमुख केंद्र बन गई थी, जहां दूर-दूर से लोग चाय का स्वाद लेने पहुंचते थे।
परिवार में उनके दो पुत्र हैं। बड़े पुत्र जलेश यादव जिले में स्पोर्ट्स टीचर के रूप में कार्यरत रहकर बच्चों और युवाओं को खेल के क्षेत्र में मार्गदर्शन दे रहे हैं, वहीं छोटे पुत्र संजय यादव पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनके बड़े भाई संतोष यादव नगर पालिका मुंगेली में कार्यरत हैं। अचानक हुए इस निधन से पूरे परिवार में शोक का माहौल है।
दिवंगत का अंतिम संस्कार आज दोपहर 12 बजे रामगढ़ मुक्तिधाम में किया जाएगा।
घटना की जानकारी मिलते ही यादव समाज सहित उनके परिचितों और शुभचिंतकों में गहरा दुःख व्याप्त हो गया। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के प्रदेश महासचिव गणेश यादव ने शोक व्यक्त करते हुए परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। दिवंगत विमल यादव गणेश यादव के मामा थे



