बीएलओ घर-घर जाकर भर रहे गणना पत्रक
November 14, 2025जितेन्द्र तिवारी जांजगीर चांपा
बिर्रा – मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत जिले में 4 नवंबर से मतदाताओं की मतदाता सूची के लिए गणना पत्रक भराने का कार्य किया जा रहा है। यह प्रक्रिया 04 दिसंबर 2025 तक निरंतर जारी रहेगी। इसके पश्चात 9 दिसंबर को मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया जाएगा। प्रारंभिक प्रकाशन के बाद 9 दिसंबर से 08 जनवरी 2026 तक दावा एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। दावा-आपत्तियों का निपटान 31 जनवरी तक पूर्ण कर लिया जाएगा जबकि मतदाता सूची की शुद्धता के परीक्षण उपरांत 07 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) घर-घर जाकर गणना पत्रक बांट रहे हैं। बीएलओ यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि प्रत्येक पात्र मतदाता को गणना पत्रक प्राप्त हो तथा हस्ताक्षर सहित सही जानकारी भरकर उन्हें वापस जमा किया जाए। यदि किसी मतदाता के घर पर न मिलने की स्थिति में बीएलओ को तीन बार घर जाकर गणना पत्रक देने का प्रयास करना होगा। इसके बाद भी मतदाता के अनुपस्थित रहने पर घर पर नोटिस चस्पा किया जाएगा। जांजगीर चांपा कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे बीएलओ को सही जानकारी उपलब्ध कराकर गणना पत्रक शीघ्र भरें, ताकि अंतिम मतदाता सूची में उनका नाम दर्ज रह सके।




