स्कूलों में अब गुजरात फार्मूले की मदद से पढ़ाएंगे बच्चों को शिक्षा मंत्री गजेंद्र ने अहमदाबाद में हो रहे रिसर्च देखे
September 16, 2025(छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस ब्यूरो)
रायपुर राज्य के स्कूलों में बच्चों को पढ़ाने अब गुजरात फार्मूले का भी उपयोग किया जाएगा। वहां बच्चों को पढ़ाने के लिए नए नए रिसर्च किए जा रहे हैं। आधुनिक तकनीक का उपयोग करने के साथ अलग-अलग तरह के प्रयोग किए जा रहे हैं। अहमदाबाद स्थित भास्कराचार्य अंतरिक्ष अनुप्रयोग एवं भू-सूचना विज्ञान संस्थान में शिक्षा और विज्ञान के क्षेत्र में कई तरह के रिसर्च हो रहे हैं। वहां पढ़ाने की तकनीकी उपयोग और नवाचारों का परीक्षण किया जा रहा है।
स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री श्री गजेंद्र यादव ने अपने तीन दिवसीय गुजरात प्रवास के दौरान इसी संस्थान का निरीक्षण किया। वे वहां किए जा रहे शोध और प्रयोगों से प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि गुजरात व में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए तकनीक का प्रभावी उपयोग किया
जा रहा है। शिक्षा से जुड़े नवाचारों और अत्याधुनिक तकनीकों के प्रयोग ने सीखने और पढ़ाने की प्रक्रिया को अधिक सरल व प्रभावी बना दिया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छत्तीसगढ़ में भी शिक्षा व्यवस्था को सशक्त और आधुनिक बनाने के लिए इसी प्रकार की कार्ययोजना तैयार की जाए। मंत्री यादव ने कहा कि तकनीक के माध्यम से न केवल शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार संभव है, बल्कि दूरस्थ और दुर्गम अंचलों में रहने वाले विद्यार्थियों तक भी बेहतर शैक्षणिक सामग्री पहुंचाई जा सकती है। इस दिशा में गुजरात के मॉडल का अध्ययन कर छत्तीसगढ़ में भी इसे लागू करने की संभावनाओं पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी, संचालक लोक शिक्षण ऋतुराज रघुवंशी, गुजरात राज्य के अधिकारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।





