रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर में ईडी की कार्रवाई जारी, कई कारोबारियों के ठिकानों पर चल रही है कार्रवाई

रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर में ईडी की कार्रवाई जारी, कई कारोबारियों के ठिकानों पर चल रही है कार्रवाई

September 3, 2025 0 By Ajeet Yadav
रायपुर 3 सितंबर 2025। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार सुबह छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर सहित दुर्ग, भिलाई और बिलासपुर में एक साथ बड़ी कार्रवाई की। ईडी की टीम ने कई कारोबारियों और उनके सहयोगियों के ठिकानों पर दबिश दी है।शंकर नगर स्थित खाद कारोबारी विनय गर्ग के घर छापा पड़ा है। फर्टिलाइजर से जुड़ा इनका कारोबार है। वहीं लॉ विस्टा कॉलोनी में दो कारोबारियों के घर जांच चल रही है।

कृषि उपकरण और पेस्टिसाइड्स सप्लायर पवन पोद्दार और सतपाल छाबड़ा के घर अफसर दस्तावेज खंगाल रहे हैं। इसके अलावा दुर्ग-भिलाई और गरियाबंद में भी दबिश दी गई है। ईडी की कार्रवाई DMF घोटाले से जुड़ी है। इस पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि विपक्ष को डराने छापे मारे जा रहे हैं।

डीएमएफ घोटाले से जुड़ा मामला
सूत्रों के अनुसार, पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान विनय गर्ग ने जिलांतर्गत खनिज न्यास (DMF) के तहत कोरबा, जांजगीर-चांपा समेत कई जिलों में पेस्टीसाइड, कृषि उपकरण और अन्य कृषि सामग्री की सप्लाई का काम किया था।यही वह अवधि थी जब छत्तीसगढ़ में डीएमएफ फंड में सैकड़ों करोड़ रुपये के घोटाले का खुलासा हुआ। इस मामले में कुछ समय पहले आईएएस रानू साहू को भी गिरफ्तार किया गया था। उसी घोटाले की कड़ी में अब विनय गर्ग और उनके सहयोगियों के ठिकानों पर ईडी ने छापा मारा है।

कई जिलों में एक साथ दबिश
आज सुबह से रायपुर, दुर्ग, भिलाई और बिलासपुर में ईडी की टीमें तलाशी अभियान चला रही हैं। इस दौरान कारोबार और सप्लाई से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। माना जा रहा है कि एजेंसी को डीएमएफ घोटाले से जुड़े वित्तीय लेन-देन और कथित मनी लॉन्ड्रिंग के सबूतों की तलाश है।