कोयला लेवी घोटाला: चर्चित महिला डॉक्टर पर ईडी का शिकंजा, 1 करोड़ रुपये नकद लेने के आरोप में दिनभर पूछताछ

कोयला लेवी घोटाला: चर्चित महिला डॉक्टर पर ईडी का शिकंजा, 1 करोड़ रुपये नकद लेने के आरोप में दिनभर पूछताछ

September 3, 2025 0 By Ajeet Yadav
रायपुर। 570 करोड़ रुपये के चर्चित कोयला लेवी घोटाले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक नए किरदार पर शिकंजा कस दिया है। रायपुर क्षेत्रीय कार्यालय (ED-RPZO) की टीम ने एक चर्चित महिला गायनाकोलॉजिस्ट से दिनभर पूछताछ की।

सूत्रों के मुताबिक, डॉक्टर पर आरोप है कि उन्होंने घोटाले के मुख्य आरोपी और किंगपिन माने जा रहे सूर्यकांत तिवारी (एसकेटी) से 1 करोड़ रुपये नकद लिए थे। जांचकर्ताओं का कहना है कि इस रकम में से करीब 40 लाख रुपये तत्कालीन उप सचिव सौम्या चौरसिया के पति सौरभ मोदी तक पहुंचाए गए, जो पहले से ही केस के प्रमुख आरोपियों में शामिल हैं।

ईडी को पहले की तलाशी में मिले हस्तलिखित दस्तावेजों में नकदी सौंपे जाने से जुड़े स्पष्ट सबूत मिले थे। इन्हीं प्रविष्टियों में 1 करोड़ रुपये की डिलीवरी और उसे सौम्या चौरसिया के परिवार को ट्रांसफर करने का उल्लेख दर्ज था।

ईडी की टीम सोमवार सुबह 11 बजे अनुपम नगर स्थित अस्पताल निवास पहुंची और शाम 5:30 बजे तक पूछताछ की। सूत्रों का कहना है कि पूछताछ के दौरान महिला डॉक्टर ने कुछ तथ्यों को स्वीकार किया, लेकिन ज्यादातर जिम्मेदारी दूसरों पर डाल दी।

उन्होंने अपने चार्टर्ड अकाउंटेंट और टैक्स सलाहकारों से परामर्श लेने के लिए दो दिन का समय मांगा और जांच के दायरे में आने वाले लेन-देन से जुड़े कई बैंक खातों का हवाला दिया। ईडी ने उनका यह अनुरोध स्वीकार कर लिया है।