चंद्रभान यादव जशपुर। मनोरा विकासखंड का अलोरी ग्राम पंचायत के लोगों को पुल के अभाव में रस्सी के सहारे अजीबोगरीब नाव पर सवार होकर जोखिम भरा सफर करना पड़ता है यंहा अलोरी ग्राम पंचायत के सचिव दिनेश कुमार का कहना है कि आसपास के ग्रामीण लम्बे समय से इस पुल निर्माण की मांग कर रहे हैं। इसके अभाव में ग्रामीणों ने यंहा नदी के दोनों किनारों पर मोटी रस्सी के सहारे नाव चलाई जाती है। ट्रक के पहियों की ट्यूब के उपर बांस बांध कर अधिकतम पांच लोगों को सवार किया जाता है। रस्सी के सहारे बेहद जोखिम भरा सफर नहीं करने पर लगभग 20 कि.मी. का अतिरिक्त सफर से बचने की खातिर ग्रामीण इसी मार्ग से आवागमन कर रहे हैं।
मनोरा जनपद के सीईओ रघुनाथ राम ने आज बताया कि यंहा प्रसिद्ध गुल्लू वाटर फाल के समीप इस नदी पर लम्बे समय से पुल का निर्माण प्रस्तावित है।
बारिश के मौसम में यहां से लगा मतलुंगा गांव सहित आधा दर्जन गांव के लोगों को आवागमन की भारी समस्या बन जाती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को इस तरह जोखिम भरा सफर से बचने की कड़ी चेतावनी दी गई है, इसके बावजूद लोग इसी तरह आवागमन कर रहे हैं।
सीईओ का कहना है कि इस जटिल समस्या से निजात दिलाने के लिए उच्च अधिकारियों को फिर से पत्र लिखा जाएगा।