अजब-गजब मामला : हाथी के हमले से किसान की मौत, 6 लाख मुआवजे के लिए सामने आईं मृतक की 6 पत्नियां, असली हकदार कौन ? वन विभाग भी हैरान
August 19, 2025चंद्रभान यादव जशपुर। जिले से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। हाथी के हमले में एक व्यक्ति की मौत के बाद मुआवजे की रकम को लेकर ऐसा विवाद खड़ा हो गया है, जिसने पूरे गांव और प्रशासन को हैरानी में डाल दिया है। मृतक के सामने अचानक छह महिलाएं अपने-अपने बच्चों के साथ पहुंच गईं और सभी ने खुद को उसकी असली पत्नी बताकर मुआवजे पर दावा ठोक दिया।


इस पूरे मामले ने गांव और इलाके में हास्य और हैरानी दोनों का माहौल बना दिया है। अलग-अलग पत्नियों के बच्चों ने सरपंच से अपने नाम का पंचनामा कागजात बनवाकर खुद को मुआवजे का हकदार बताया है।
इस मामले में वन परिक्षेत्राधिकारी कृपा सिंधु पैंकरा ने बताया कि हाथी के हमले में मृतक परिवार को जनहानि का मुआवजा देने की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन मृतक के परिजनों के साथ-साथ कथित पूर्व पत्नियों के बच्चे व दामाद भी कार्यालय आकर मुआवजे की राशि देने की मांग कर रहे हैं। हालांकि पंचायत सरपंच की सहमति के आधार पर और जांच के अनुरूप ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि फिलहाल सभी महिलाएं जल्दी से जल्दी अपने पक्ष में मृतक की पत्नी होने का प्रमाण पत्र लाने की बात कर रही हैं। आवश्यक दस्तावेज लाने में जो भी महिला सफल होगी, उसी के पक्ष में मुआवजा राशि के लिए प्रकरण बनाया जाएगा।



