हिम्मत तो देखिये! एक बार में लूट नहीं सका मोबाइल, तो दूसरी बार पीछा कर लूटा, नर्स का मोबाइल लूटने वाला गिरफ्तार

हिम्मत तो देखिये! एक बार में लूट नहीं सका मोबाइल, तो दूसरी बार पीछा कर लूटा, नर्स का मोबाइल लूटने वाला गिरफ्तार

July 8, 2025 0 By Ajeet Yadav
चंद्रभान यादव
जशपुर । नर्स का मोबाइल लूटने वाला उचक्का गिरफ्तार हो गया है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले का है, जहां नर्स से मोबाइल लूट की घटना हुई थी। इस मामले में युवती की शिकायत पर पुलिस अपराध दर्ज किया गया है। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।


फुटेज के सहारे पुलिस आरोपी तक पहुंची और गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। घटना कुनकुरी थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 74,309(4) व 218 के तहत कार्रवाई की। जानकारी के मुताबिक पूरी घटना 5 जुलाई की है।

वारदात वाले दिन नर्स होलीक्रॉस हॉस्पिटल कुनकुरी में नर्सिंग ड्यूटी पर गई थी। ड्यूटी के बाद शाम करीबन 07.20 बजे जब वह अपने हॉस्टल की ओर पैदल जा रही थी, उसी समय रास्ते में चर्च गेट के पास एक अज्ञात लड़का मोटर साइकल से आया व मोटर साइकल से चलते हुए ही उसका मोबाइल छीनने का प्रयास किया।

घटना के बाद नर्स अपने हॉस्टल लौट आयी, लेकिन जैसे ही गेट के पास पहुंची बदमाश पीछा करते हुए आया। दौड़ कर नर्स के पास पहुंचा और धक्कामुक्की कर उसका मोबाइल छीनकर भाग गया। नर्स ने इसकी जानकारी हॉस्टल अधीक्षिका व हॉस्टल के स्टॉफ को दी। एसएसपी शशिमोहन सिंह ने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।