रायपुर में हर 15 दिन में होगी अपराध की समीक्षा, SSP ने ली बैठक, त्योहार को लेकर पुलिस अफसरों को मिले ये निर्देश

रायपुर में हर 15 दिन में होगी अपराध की समीक्षा, SSP ने ली बैठक, त्योहार को लेकर पुलिस अफसरों को मिले ये निर्देश

July 7, 2025 0 By Ajeet Yadav
रायपुर।राजधानी रायपुर में बढ़ते अपराध और आगामी त्योहारों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रविवार को रायपुर पुलिस की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में IG अमरेश मिश्रा और SSP डॉ. लाल उम्मेद सिंह के साथ सभी थाना प्रभारी, ASP, CSP और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर में अपराधों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा, निगरानी बदमाशों पर कार्रवाई, लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा और त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने की रणनीति पर चर्चा करना था।

IG ने अपराध नियंत्रण के दिए स्पष्ट निर्देश
IG अमरेश मिश्रा ने शहर में बढ़ते अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि गुंडा तत्वों, निगरानी बदमाशों और फरार वारंटियों पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर अपराधियों को छूट नहीं मिलनी चाहिए, और कानून-व्यवस्था को लेकर कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

त्योहारों को लेकर बढ़ाई सतर्कता
आगामी श्रावण, रक्षाबंधन, स्वतंत्रता दिवस, कृष्ण जन्माष्टमी और गणेश चतुर्थी जैसे त्योहारों के मद्देनज़र पुलिस को पहले से सक्रिय और सतर्क रहने को कहा गया है। बाजारों, धार्मिक स्थलों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, CCTV सर्विलांस और ट्रैफिक कंट्रोल की योजना पर भी चर्चा हुई।बैठक में SSP डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने बताया कि हाल ही में 24 थाना प्रभारियों का तबादला किया गया है। सभी को तत्काल अपने-अपने स्थान पर कार्यभार ग्रहण करने और क्षेत्र में अपराध नियंत्रण पर फोकस करने के निर्देश दिए गए हैं।