नशे के सौदागर मकान पर चला बुलडोजर, पूरा परिवार फरार, बुलडोजर एक्शन पर मचा हड़कंप

नशे के सौदागर मकान पर चला बुलडोजर, पूरा परिवार फरार, बुलडोजर एक्शन पर मचा हड़कंप

July 5, 2025 0 By Ajeet Yadav
अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस ने नशे के कारोबार में लिप्त कुख्यात आरोपी मनोज सोनी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दरिमा स्थित उसके अवैध मकान पर बुलडोजर चला दिया। मनोज सोनी, उसकी पत्नी आरती सोनी और पूरा परिवार फरार है। प्रशासन अब खैरबार में बने दूसरे अवैध मकान पर भी बुलडोजर चलाने की तैयारी कर रहा है।


लंबे समय से कर रहा था नशे का धंधा
मनोज सोनी पर गांजा, नशे की गोलियां और मादक दवाओं की तस्करी के कई संगीन आरोप हैं। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कई बार कार्रवाई भी की जा चुकी है। उसकी पत्नी आरती सोनी भी इस गोरखधंधे में सक्रिय रही है और दो महीने पहले जेल से अस्पताल में भर्ती होने के बाद फरार हो गई थी।

पुलिस-प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई
शुक्रवार को दरिमा स्थित मनोज सोनी के मकान पर पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को जमींदोज कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि यह मकान अतिक्रमण कर अवैध रूप से बनाया गया था। मौके पर दरिमा तहसीलदार और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

खैरबार में भी बुलडोजर की तैयारी
प्रशासन की जांच में सामने आया है कि मनोज सोनी ने अंबिकापुर से लगे खैरबार में भी अतिक्रमण कर मकान बनाया है। उस स्थान की जांच पूरी कर ली गई है, और अब वहां भी बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की तैयारी की जा रही है।पुलिस का कहना है कि मनोज सोनी और उसका पूरा परिवार फरार है। उनकी तलाश तेज कर दी गई है, और जल्द गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।