जुलाई की शुरुआत में राहत, कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 58 रुपये सस्ता, घरेलू गैस के दाम यथावत

जुलाई की शुरुआत में राहत, कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 58 रुपये सस्ता, घरेलू गैस के दाम यथावत

July 2, 2025 0 By Ajeet Yadav
: जुलाई महीने की शुरुआत के साथ ही गैस सिलेंडर इस्तेमाल करने वालों को बड़ी राहत मिली है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम में भारी कटौती की है। 1 जुलाई 2025 से नई दरें लागू हो चुकी हैं। हालांकि घरेलू यानी 14 किलोग्राम के गैस सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है।


आईओसीएल की वेबसाइट पर जारी आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत 1723.50 रुपये से घटकर अब 1665 रुपये हो गई है। यानी प्रति सिलेंडर 58.50 रुपये की कमी की गई है। कोलकाता में यह सिलेंडर 1826 रुपये से घटकर 1769 रुपये में मिलेगा। मुंबई में दाम 1674.50 रुपये से कम होकर 1616.50 रुपये और चेन्नई में 1881 रुपये से घटकर 1823.50 रुपये हो गए हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले जून माह में भी तेल कंपनियों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 24 रुपये तक घटाए थे। ऑयल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों की समीक्षा करती हैं। कीमतों में बदलाव बाजार की स्थितियों और विदेशी मुद्रा विनिमय दरों को देखते हुए तय किया जाता है।

कॉमर्शियल सिलेंडर के दामों में इस कटौती से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बड़ी राहत मिलेगी, जो भारी मात्रा में 19 किलोग्राम वाले सिलेंडरों का उपयोग करते हैं। वहीं, घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल कीमतों में कोई राहत नहीं मिली है।