नक्सली मुठभेड़: एक और महिला नक्सली मुठभेड़ में हुई ढेर, 12 दिन के ऑपरेशंस में अब तक 4 नक्सली मारी गयी, बड़े लीडरों के भी मारे जाने की आशंका

नक्सली मुठभेड़: एक और महिला नक्सली मुठभेड़ में हुई ढेर, 12 दिन के ऑपरेशंस में अब तक 4 नक्सली मारी गयी, बड़े लीडरों के भी मारे जाने की आशंका

May 6, 2025 0 By Ajeet Yadav
बीजापुर जिले के दक्षिण-पश्चिम सीमावर्ती क्षेत्र में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान में सुरक्षा बलों को एक और सफलता हाथ लगी है। 5 मई 2025 को DRG, STF, कोबरा और CRPF की संयुक्त टीम ने जंगलों में माओवादियों की उपस्थिति की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक मुठभेड़ को अंजाम दिया, जिसमें एक वर्दीधारी महिला माओवादी मारी गई। उसके पास से एक 303 रायफल बरामद की गई है।

इस अभियान के तहत पिछले 12 दिनों में अब तक 4 माओवादी मारे जा चुके हैं, जिनमें से तीन के शव 24 अप्रैल को और एक का शव 5 मई को मिला है। मुठभेड़ स्थल से प्राप्त संकेतों और खून के निशानों से यह अनुमान लगाया गया है कि और भी माओवादी या तो मारे गए हैं या गंभीर रूप से घायल हुए हैं, हालांकि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण सभी शव बरामद नहीं किए जा सके हैं।

इस निर्णायक अभियान में अब तक सैकड़ों नक्सली ठिकाने और बंकर नष्ट किए गए हैं। इन ठिकानों से हजारों किलोग्राम विस्फोटक सामग्री, राशन, दवाएं, दैनिक उपयोग की वस्तुएं और डेटोनेटर भी बरामद किए गए हैं। यह अभियान छत्तीसगढ़-तेलंगाना अंतरराज्यीय सीमा क्षेत्र में जारी है और सुरक्षा बल पूरी प्रतिबद्धता के साथ मोर्चे पर डटे हुए हैं।

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस अभियान से नक्सली संगठन को भारी नुकसान हुआ है, और कई वरिष्ठ माओवादी नेता या तो मारे गए हैं या गंभीर रूप से घायल हुए हैं। अभी भी सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है, और विस्तृत जानकारी अभियान की समाप्ति के बाद पृथक से जारी की जाएगी।

गौरतलब है कि वर्ष 2024 में छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान ने बड़ी कामयाबी दर्ज की थी। उसी रफ्तार को कायम रखते हुए वर्ष 2025 के पहले चार महीनों में 129 हार्डकोर माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं। यह सुरक्षा बलों के मजबूत मनोबल, स्पष्ट रणनीति और जनता के सहयोग का परिणाम है।

सभी बल — DRG, STF, CoBRA, CRPF, BSF, ITBP, CAF, बस्तर फाइटर्स — मिलकर बस्तर क्षेत्र की शांति, सुरक्षा और विकास के लिए निरंतर समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं।