तेलंगाना सीमा पर नक्सल उन्मूलन अभियान की मुख्यमंत्री ने की समीक्षा

तेलंगाना सीमा पर नक्सल उन्मूलन अभियान की मुख्यमंत्री ने की समीक्षा

April 28, 2025 0 By Ajeet Yadav
रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज छत्तीसगढ़ और तेलंगाना की सीमा पर स्थित कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों में चल रहे नक्सल उन्मूलन अभियान की उच्चस्तरीय बैठक लेकर गहन समीक्षा की। उन्होंने इसे केवल एक अभियान नहीं, बल्कि बस्तर और पूरे छत्तीसगढ़ के भविष्य को सुरक्षित करने का एक महत्वपूर्ण “मिशन” करार दिया।

बैठक में गृह मंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, पुलिस महानिदेशक अरुणदेव गौतम, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और अन्य सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि नक्सल विरोधी अभियानों में आपसी समन्वय को और अधिक मजबूत किया जाए तथा सूचना संकलन तंत्र को अत्याधुनिक बनाया जाए। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ को नक्सलमुक्त और विकासोन्मुख प्रदेश के रूप में स्थापित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “नक्सल उन्मूलन केवल सुरक्षा का विषय नहीं है, बल्कि यह बस्तर के बच्चों के भविष्य, क्षेत्र के समग्र विकास और प्रदेश की समृद्धि का आधार है।”

उन्होंने यह भी कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में प्रदेश को नक्सलमुक्त बनाने के संकल्प के साथ राज्य सरकार पूरी दृढ़ता और रणनीतिक सूझबूझ के साथ कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ को नक्सलमुक्त कर एक नई विकास गाथा रची जाएगी, जिससे प्रदेश पूरे देश में एक नई पहचान स्थापित करेगा।