
सरकारी सेवाओं की डिलीवरी होगी अब समयबद्ध, 13 सेवाएं आईं पब्लिक सर्विस गारंटी एक्ट के दायरे में
April 27, 2025रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ने शासकीय कार्य प्रणाली को तेज और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है। अब राज्य के प्रमुख विभागों की 13 महत्वपूर्ण सेवाओं को पब्लिक सर्विस गारंटी एक्ट के तहत शामिल किया गया है, जिससे नागरिकों और व्यवसायियों को तय समयसीमा के भीतर सेवाएं उपलब्ध होंगी।
नवीन व्यवस्था के अंतर्गत छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल (CECB), वाणिज्य एवं उद्योग विभाग, विधिक माप विज्ञान, नगर तथा ग्राम निवेश तथा जल संसाधन विभाग की विभिन्न सेवाएं शामिल हैं। इस कदम का उद्देश्य सरकारी अनुमतियों और स्वीकृतियों में अनावश्यक विलंब को समाप्त करना, कार्यक्षमता को बढ़ाना और ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को सशक्त बनाना है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा,
“हमारा लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ में प्रत्येक नागरिक और व्यवसायी को तेजी से, पारदर्शी और उत्तरदायी सरकारी सेवाएं मिलें। 13 प्रमुख सेवाओं को पब्लिक सर्विस गारंटी एक्ट के तहत लाना इस दिशा में एक क्रांतिकारी पहल है, जो निवेश और विकास को नई गति प्रदान करेगी।”