शिलान्यास पर सियासत: पूर्व CM के ट्वीट पर राजनीति गरमायी, कहा, मेरे शिलान्यास किये पावर स्टेशन का दोबारा शिलान्यास, भाजपा का पलटवार, कहा, कांग्रेस के लोग झूठे…

शिलान्यास पर सियासत: पूर्व CM के ट्वीट पर राजनीति गरमायी, कहा, मेरे शिलान्यास किये पावर स्टेशन का दोबारा शिलान्यास, भाजपा का पलटवार, कहा, कांग्रेस के लोग झूठे…

April 1, 2025 0 By Ajeet Yadav
रायपुर-कोरबा के सुपर थर्मल पावर प्लांट के शिलान्यास को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। जहां कांग्रेस का कहना है कि यह प्रोजेक्ट पहले से ही स्वीकृत था, वहीं भाजपा इसे मोदी सरकार की उपलब्धि के रूप में पेश कर रही है।पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा और कहा कि अगर पहले से ही शिलान्यास किए गए प्रोजेक्ट का पुनः शिलान्यास करना था, तो उन्हें सूचना दे दी जाती।
भूपेश बघेल ने अपने पोस्ट में लिखा, “कमाल करते हैं प्रधानमंत्री जी! अगर मेरे द्वारा शिलान्यास किए हुए थर्मल पॉवर स्टेशन का ही पुनः शिलान्यास करना था तो सूचना दे देते। मैं और 10-20 प्रोजेक्ट ऐसे बता देता जिनका फीता आप दोबारा काट सकते थे। प्रधानमंत्री आवास की चाबी भी आप उन हितग्राहियों को ही दे पाए जिनको पहली किस्त हमारी सरकार ने जारी की थी। इस प्रकार कह सकते हैं कि प्रधानमंत्री जी को छत्तीसगढ़ में सिर्फ़ ‘मेमू ट्रेन’ को झंडी दिखाने के लिए बुलाया गया था।”

बीजेपी का पलटवार
भूपेश बघेल के इस बयान पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने कड़ा जवाब दिया। पार्टी के मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने लिखा, “हम काम में विश्वास रखते हैं, जनता को धोखा देने में नहीं। हमने मोदी जी की दी हुई हर गारंटी को पूरा किया है। छत्तीसगढ़ की जनता यह जानती है। हमने गरीबों को पक्के मकान की चाबी देकर उनका गृह प्रवेश कराया है। यह शिलान्यास नहीं, कार्य प्रारंभ है, आप ठीक से देखते भी नहीं।”
कांग्रेस के नेता भी हमलावर
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व पीसीसी चीफ धनेंद्र साहू ने भी प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का आगमन छत्तीसगढ़ में हुआ और वह सुपर थर्मल पावर प्लांट का शिलान्यास कर गए, लेकिन यह प्लांट पहले ही स्वीकृत था। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने प्रधानमंत्री को भ्रमित किया है। उन्होंने कहा, “यह 100 साल पुरानी लाइन थी, जिसे उखाड़ दिया गया। डायरेक्ट कनेक्टिविटी रायपुर के स्टेशन से थी, उसे काटकर अब मंदिर हसौद तक कर दिया गया है। इसका श्रेय प्रधानमंत्री ले रहे हैं।”

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष का जवाब
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा, “मुझे नहीं मालूम कि पहले शिलान्यास हुआ था या नहीं। लेकिन यह एक बिल्कुल नया प्रोजेक्ट है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नए कार्यक्रम के साथ लॉन्च किया है। कांग्रेस के लोग झूठ परोसने का काम जनता के सामने कर रहे हैं। आपने कुछ किया नहीं और जो हम कर रहे हैं, उस पर झूठ का पुलिंदा तैयार कर रहे हैं। जनता सब जानती है, मोदी जी जो कहते हैं, वह करते हैं।”

भाजपा का बड़ा आरोप
बीजेपी मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी ने अपने एक और पोस्ट में लिखा, “फर्जी शिलान्यास, जिसके पत्थर तक का अता-पता नहीं है। फॉर्मेलिटी के लिए टेंडर निकाला था, जिसका कुछ नहीं हुआ। आपने गरीबों के आवास के लिए पैसा देने से मना कर दिया और आपके मंत्री आपको राशि देने के लिए पत्र लिखते रहे।”