मुरली को मार गिराया: 25 लाख का ईनामी नक्सली मुरली इनकाउंटर में ढेर, कई बड़ी वारदातों में था शामिल

मुरली को मार गिराया: 25 लाख का ईनामी नक्सली मुरली इनकाउंटर में ढेर, कई बड़ी वारदातों में था शामिल

March 25, 2025 0 By Ajeet Yadav
दंतेवाड़ा 25 मार्च 2025। छत्तीसगढ़ में एंटी नक्सल आपरेशंस में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। दंतेवाड़ा और बीजापुर के सीमावर्ती क्षेत्र में हुए मुठभेड़ में 25 लाख के इनामी माओवादी सुधीर उर्फ सुधाकर उर्फ मुरली मारा गया। उसके साथ दो अन्य नक्सलियों के शव भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने सर्चिंग के दौरान काफी मात्रा में हथियार भी बरामद किया है।

मुठभेड़ में बड़ी मात्रा में हथियार बरामद

मुठभेड़ स्थल से INSAS राइफल, .303 राइफल, 12 बोर राइफल सहित अन्य विस्फोटक सामग्रियां और दैनिक उपयोग की वस्तुएं बरामद की गई हैं। यह मुठभेड़ थाना गीदम के ग्राम गिरसापारा, नेलगोड़ा, बोड़गा और इकेली के सीमावर्ती क्षेत्र में हुई, जहां नक्सली कैडरों की उपस्थिति की सूचना मिलने पर दंतेवाड़ा DRG और बस्तर फाइटर्स की टीम अभियान पर निकली थी।

सुबह से चला मुठभेड़, तीन नक्सली ढेर

पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा गौरव राय ने बताया कि 25 मार्च 2025 को सुबह 08 बजे से माओवादी और सुरक्षा बलों के बीच भीषण गोलीबारी हुई, जिसके बाद तलाशी अभियान में तीन नक्सलियों के शव बरामद किए गए। प्रारंभिक पहचान में मारे गए माओवादी में से एक की पहचान Dandakarnya Special Zonal Committee Member (DKSZCM) सुधीर उर्फ सुधाकर उर्फ मुरली के रूप में हुई है। वह तेलंगाना के वारंगल जिले का निवासी था और उस पर 25 लाख रुपये का इनाम घोषित था। अन्य दो नक्सलियों की पहचान की जा रही है।

100 नक्सलियों का हुआ सफाया

बस्तर रेंज में वर्ष 2025 में अब तक विभिन्न मुठभेड़ों में कुल 100 नक्सलियों के शव बरामद किए जा चुके हैं। बस्तर के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार और जनता की इच्छा के अनुसार पुलिस मुख्यालय के मार्गदर्शन में DRG, STF, बस्तर फाइटर्स, CoBRA, CRPF, BSF, ITBP, CAF एवं अन्य सुरक्षा बलों द्वारा नक्सल उन्मूलन अभियान प्रभावी रूप से चलाया जा रहा है।

सर्च ऑपरेशन जारी

पुलिस उप महानिरीक्षक दंतेवाड़ा रेंज कमलोचन कश्यप ने बताया कि मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में सर्चिंग अभियान जारी है और विस्तृत जानकारी ऑपरेशन पूरा होने के बाद साझा की जाएगी। सुरक्षा बलों की इस बड़ी कार्रवाई से क्षेत्र में माओवादियों के खिलाफ अभियान को और मजबूती मिली है।