नेशनल हाईवे-30 पर भीषण सड़क हादसा, कार पेड़ से टकराई 2 स्कूली छात्रों की मौत, 4 गंभीर घायल
February 7, 2026 0 By Ajeet YadavCHHATTISGARH EXPRESS कांकेर…नेशनल हाईवे-30 पर शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गोविंदपुर, नन्दनमारा रोड पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बड़े पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में दो स्कूली छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना दिनांक 06 फरवरी 2026 को सुबह करीब 04:32 बजे की है। वाहन क्रमांक CG-19 BH-0146 में कुल 6 युवक सवार थे, जो कांकेर की ओर से आ रहे थे। कार को तेज एवं लापरवाहीपूर्वक चलाया जा रहा था। नन्दनमारा रोड स्थित मोड़ के पास चालक का नियंत्रण बिगड़ गया, जिससे कार सीधे सड़क किनारे लगे बड़े पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार पहले पेड़ से टकराई, फिर सामने लगे लोहे के पोल को तोड़ते हुए दोबारा पेड़ से जा भिड़ी। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को अवगत कराया।
वाहन में सवार युवक
भावेश गजबल्ला (17 वर्ष), निवासी – गोविंदपुर (चालक)
हर्ष मसी (18 वर्ष)
रोहित धुव्र, निवासी – कांकेर
आयुष कार्तिक कोरमा (15 वर्ष), निवासी – कांकेर
युवराज
वेदांत
हादसे में युवराज और वेदांत की मृत्यु हो गई है, जबकि अन्य चार युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को हाईवे पेट्रोलिंग वाहन एवं निजी वाहनों की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटवाया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात पुनः सुचारू कराया गया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ओवर स्पीड और नाबालिग द्वारा वाहन चलाना बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
यह हादसा एक बार फिर नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने और तेज रफ्तार के खतरों को लेकर गंभीर चेतावनी देता है।
About The Author
https://Chhattisgarhexpress.in/wp-admin



