अवैध डीजे संचालन पर शंकरगढ़ पुलिस की कार्रवाई , डीजे सामग्री सहित पीकअप वाहन जब्त

अवैध डीजे संचालन पर शंकरगढ़ पुलिस की कार्रवाई , डीजे सामग्री सहित पीकअप वाहन जब्त

January 24, 2026 0 By Ajeet Yadav
संवाददाता रोहित यादव

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम बचवार हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास अवैध रूप से तेज आवाज में डीजे बजाने के मामले में शंकरगढ़ पुलिस ने कार्रवाई की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 23 जनवरी 2026 को भोर लगभग 4 से 5 बजे अनावेदकों द्वारा पीकअप वाहन क्रमांक UP 67 CT 1734 में डीजे साउंड सिस्टम लोड कर पूरी रात तेज ध्वनि में संगीत बजाया जा रहा था, जिससे आसपास के रहवासियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।

पीकअप वाहन में डीजे साउंड – 10 नग ऑडियो टोन मशीन 03 नग मिक्सर – 01 नग डिस्को लाइट – 08 नग जनरेटर – 01 नग लोड पाया गया।

सूचना मिलने पर शंकरगढ़ पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और डीजे संचालन कर रहे व्यक्तियों से सक्षम अधिकारी द्वारा जारी अनुमति/अनज्ञा पत्र प्रस्तुत करने हेतु नोटिस दिया गया। इस दौरान नीरज कुमार पिता हरवंश राम, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम लडूवा, थाना शंकरगढ़ तथा लक्ष्मण पिता रामू, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम लडुआ , थाना राजपुर द्वारा कोई भी वैध अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं किया गया।

अनावेदकों द्वारा लिखित रूप से अनुमति नहीं होना स्वीकार करने पर पुलिस ने छत्तीसगढ़ कोलाहल नियंत्रण अधिनियम की धारा 15 के उल्लंघन का मामला पाया। समक्ष गवाहों की उपस्थिति में कोलाहल पंचनामा तैयार कर डीजे सामग्री एवं पीकअप वाहन को जप्त किया गया।

पुलिस द्वारा इस्तगासा क्रमांक 01/2026 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।