किराये का हेड मास्टर : इस सरकारी स्कूल में प्रधान पाठक ने 12 वीं पास युवक को सौंपी अपनी जिम्मेदारी, खुद रहते हैं स्कूल से गायब..!
January 24, 2026छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस ब्यूरो
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शिक्षा की बदहाली की तस्वीर आए दिन सामने आते रहती है। ऐसे में फिर एक बार शासकीय स्कूल में की गई शिक्षण व्यवस्था ने कई सवाल खड़े किए हैं। ओड़गी ब्लॉक के दूरस्थ क्षेत्र स्थित शासकीय प्राथमिक शाला मोहरसोप में प्रधान पाठक की जगह पर कोई और निजी व्यक्ति इस स्कूल का संचालन कर रहा है।
दरअसल मोहरशोप शासकीय प्राथमिक शाला में पदस्थ प्रधान पाठक डी एस सिंह स्कूल में महीने में कुछ दिन ही आते हैं, बाकी दिन 12 वी पास एक युवक पूर्ण देव यादव स्कूल में प्रधान पाठक का कार्य करता है। प्रधान पाठक डी एस सिंह अपने निजी और शासकीय कार्यों में व्यस्त रहते हैं, जिससे स्कूल तो प्रभावित होता ही हैं, बच्चों को भी सही शिक्षा नहीं मिल पा रही है।
सामान्य ज्ञान का अभाव
मजे की बात यह है कि निजी शिक्षक पूर्ण देव यादव को सूरजपुर कलेक्टर, बीईओ, छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री तक का नाम पता नहीं है। निजी शिक्षक बताते है कि उन्हें महज 11 दिन हुए है पढ़ाते हुए, उन्हें कोई नियुक्ति पत्र भी नहीं मिला है और प्रधान पाठक अपने जेब से मानदेय देते है।
हरकत में आए शिक्षा अधिकारी
वहीं दूसरी तरफ ओडगी विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रदीप सिंह को मीडिया से इसकी जानकारी मिली और उन्होंने कहा कि तत्काल मामले की जांच कर प्रधान पाठक और जन शिक्षक के ऊपर कार्यवाही की जाएगी। बीईओ का कहना है कि इस तरह का कृत्य घोर निंदनीय है। प्रधान पाठक मनमानी तरीके से यदि कार्य कर रहा है तो ऐसा नहीं होना चाहिए, जांच करके वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। अब देखने वाली बात होगी की कार्यवाही क्या होती है।



