धान टोकन को लेकर ऑपरेटर का अभद्र जवाब ‘कलेक्टर से कटवा लीजिए, जल्दी कट जाएगा

धान टोकन को लेकर ऑपरेटर का अभद्र जवाब ‘कलेक्टर से कटवा लीजिए, जल्दी कट जाएगा

December 16, 2025 0 By Ajeet Yadav
संवाददाता रोहित यादव

राजपुर – धान खरीदी की अव्यवस्था को लेकर पहले से ही सुर्खियों में रहा धान खरीदी केंद्र राजपुर एक बार फिर चर्चा में है। यहां टोकन की जानकारी लेने के लिए किसान लगातार चक्कर काटने को मजबूर हैं। वहीं टोकन से संबंधित जानकारी मांगने पर केंद्र में पदस्थ ऑपरेटर का व्यवहार किसानों के प्रति अभद्र बताया जा रहा है।

ग्राम पतरातु निवासी किसान हरि नारायण पिछले दस दिनों से धान खरीदी केंद्र के चक्कर लगा रहे हैं। सोमवार को जब उन्होंने ऑपरेटर से टोकन के संबंध में जानकारी चाही तो ऑपरेटर ने कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए कहा— “कलेक्टर से कटवा लीजिए, जल्दी कट जाएगा।” इस जवाब के बाद से किसानों में भारी नाराज़गी देखी जा रही है।

किसानों का कहना है कि समिति परिसर में धान बेचने आए किसानों के लिए न तो बैठने की उचित व्यवस्था है और न ही पेयजल की सुविधा। मजबूरी में किसानों को जमीन पर बैठकर घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। इससे किसानों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि धान खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार किया जाए तथा संबंधित कर्मचारियों को किसानों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश दिए जाएं।