स्कूलों में सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग व इंसीनरेटर मशीनें नहीं कर रहे काम, मंत्री ने दिया जवाबस, 1600 मशीनें ठीक, 1300 हैं खराब, जांच के निर्देश

स्कूलों में सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग व इंसीनरेटर मशीनें नहीं कर रहे काम, मंत्री ने दिया जवाबस, 1600 मशीनें ठीक, 1300 हैं खराब, जांच के निर्देश

December 15, 2025 0 By Ajeet Yadav
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनों और इंसीनरेटर मशीनों की स्थिति को लेकर सरकार से जवाब मांगा गया।वरीष्ठ विधायक धरमलाल कौशिक की मांग पर विधानसभा अध्यक्ष ने जांच के निर्देश दिए गए। भाजपा विधायक धरम लाल कौशिक ने स्कूल और कॉलेजों में छात्राओं से जुड़े हित के मुद्दे को उठाया। उन्होंने सैनिटरी नैपकिन, वेंडिंग मशीन और इस्तेमाल के बाद निस्तारण के लिए लगाए जाने वाले इंसीनरेटर मशीनों की निविदा प्रक्रिया और वर्तमान स्थिति पर सवाल खड़े किए। कौशिक ने आरोप लगाया कि कई स्कूलों में ये मशीनें संचालित ही नहीं हैं, जबकि कागजों में इन्हें चालू बताया जा रहा है।

इस पर संबंधित मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सदन को जानकारी देते हुए कहा कि विभाग के पास उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार लगभग 1600 मशीनें सही स्थिति में हैं, जबकि करीब 1300 मशीनें खराब पाई गई हैं। उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल विभाग को ऐसी कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है, जिससे यह साबित हो कि मशीनें पूरी तरह से निष्क्रिय हैं।

धरम लाल कौशिक ने जवाब से असंतुष्ट होते हुए कहा कि उनके क्षेत्र के कम से कम दो स्कूलों की जांच कराई जाए, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने इस पर सहमति जताते हुए कहा कि जांच कराई जाएगी। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने निर्देश दिया कि बताए गए दो स्कूलों में तत्काल जांच कराई जाए और यदि जांच के बाद भी कुछ सवाल शेष रहते हैं तो मंत्री सदन में उनका विस्तृत जवाब देंगी।