धान खरीदी की व्यस्था देखकर किसान है खुश किसान संजय यादव ने टोकन कटाकर आसानी से बेचा धान

धान खरीदी की व्यस्था देखकर किसान है खुश किसान संजय यादव ने टोकन कटाकर आसानी से बेचा धान

December 13, 2025 0 By Ajeet Yadav
चंद्रभान यादव
छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस

जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन में प्रदेशभर में धान खरीदी प्रक्रिया सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी रूप से संचालित हो रही है। इसी क्रम में जशपुर जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निरंतर जारी है। किसानों की सुविधा के लिए केन्द्रों में टोकन कटाई, तौलाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था तथा सुरक्षा प्रबंधों का भी सुदृढ़ प्रावधान किया गया है।
कुनकुरी विकासखंड के ग्राम पंचायत महुआटोली स्थित धान उपार्जन केंद्र में धान बेचने पहुंचे ग्राम कंडोरा निवासी किसान श्री संजय यादव ने बताया कि “हमने 05 दिसंबर को टोकन कटाया, जो बिना किसी परेशानी के आसानी से मिल गया। आज 08 दिसंबर को हम लगभग 124 क्विंटल धान लेकर आए हैं। केंद्र में साफ-सुथरे बोरे उपलब्ध हैं, समय पर तौलाई हो रही है और सुविधाएं पहले की तुलना में काफी बेहतर हुई हैं।” उन्होंने कहा कि अब किसानों को घंटों लाइन में लगने की आवश्यकता नहीं पड़ती, जिससे समय और मेहनत दोनों की बचत हो रही है।
कुनकुरी क्षेत्र के अन्य किसानों ने भी बताया कि वर्तमान व्यवस्था में टोकन वितरण से लेकर धान खरीदी तक समस्त प्रक्रिया सरल और व्यवस्थित हो गई है। किसानों ने कहा कि पहले टोकन कटाने में काफी समय लगता था, लेकिन अब नई व्यवस्था से तेज़ी आई है और किसानों को वास्तविक राहत प्राप्त हो रही है।
किसानों ने सुविधाओं में सुधार और पारदर्शी खरीदी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।