सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिल वितरण कार्यक्रम सम्पन्न

सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिल वितरण कार्यक्रम सम्पन्न

December 1, 2025 0 By Ajeet Yadav
दंतेवाड़ा। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दंतेवाड़ा में सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत आज साइकिल वितरण कार्यक्रम अत्यंत उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक श्री चैतराम अटामी, विशिष्ट अतिथियों के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नंदलाल मुड़ामी, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पायल गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता भास्कर, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री कैलाश मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण की गरिमामय उपस्थिति कार्यक्रम की शोभा बढ़ाती रही।
कार्यक्रम में विधायक श्री अटामी ने अपने उद्बोधन में कहा कि सरस्वती साइकिल योजना छात्राओं को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है। इस प्रकार की योजनाएं बालिकाओं में आत्मविश्वास, सुरक्षा एवं नियमित अध्ययन की आदत विकसित करती हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मुड़ामी ने कहा कि शासन की यह योजना ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की छात्राओं के लिए वरदान साबित हो रही है, जिससे उनके स्कूल आने-जाने में सुविधा मिल रही है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की 9वीं कक्षा की 76 छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया गया। छात्राओं ने भी इस योजना के लिए शासन एवं शिक्षा विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्य एवं समस्त स्टाफ, विकास खंड शिक्षा अधिकारी दंतेवाड़ा खंड स्रोत समन्वयक उपस्थित रहे।