रायपुर-दुर्ग सहित 20 ठिकानों पर ACB-EOW का छापा, पूर्व आबकारी आयुक्त निरंजन दास समेत धमतरी की पूर्व विधायक के पोते के घर पर टीम ने मारा छापा

रायपुर-दुर्ग सहित 20 ठिकानों पर ACB-EOW का छापा, पूर्व आबकारी आयुक्त निरंजन दास समेत धमतरी की पूर्व विधायक के पोते के घर पर टीम ने मारा छापा

November 23, 2025 0 By Ajeet Yadav
रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज सुबह ACB-EOW की टीम ने एक बार फिर राजधानी रायपुर सहित दुर्ग, बिलासपुर, कोंडागांव और अंबिकापुर में एक साथ 20 ठिकानों पर रेड की है। बताया जा रहा है कि यह रेड पूर्ववर्ती सरकार में हुए आबकारी और DMF घोटाले से जुड़े मामलों की जांच को लेकर किये गये है। जांच एजेंसी की टीम ने 20 अलग-अलग ठिकानों में एक साथ आज तड़के दबिश दी। इनमें पूर्व आबकारी आयुक्त निरंजन दास के दुर्ग स्थित मकान के साथ ही टीम ने धमतरी की पूर्व विधायक के पोते के ठिकानों पर दस्तावेज खंगाल रही है।

गौरतलब है कि पिछले दिनों हीACB-EOW की टीम ने पटवारी से आरआई बनने वाले अधिकारियों के ठिकानों पर दबिश दी थी। इस आरआई प्रमोशन परीक्षा में धांधली करने वाले दो अधिकारियों को एसीबी की टीम ने पर्याप्त साक्ष्यों के साथ गिरफ्तार भी किया था। अभी ये मामला शांत भी नही हुआ था किACB-EOW की टीम ने आज रविवार छुट्टी के दिन एक बार फिर 20 ठिकानों पर छापामार कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि जांच एजेंसी की टीम ने दुर्ग जिले के भिलाई में पूर्व आबकारी आयुक्त निरंजन दास के ठिकानों पर छापेमारी की है।

जहां अधिकारी आवश्यक दस्तावेजों की पड़ताल कर रहे हैं। वहीं धमतरी की पूर्व विधायक जया बेन दोषी के पोते केतन दोषी के घर भी जांच जारी है। केतन दोषी के महालक्ष्मी ग्रीस स्थित घर में जांच चल रही है। वे रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े हैं। इसी तरह रायपुर में लॉ-विस्टा कॉलोनी में कारोबारी और सप्लायर हरपाल अरोरा के ठिकानों पर भी कार्रवाई जारी है। इसके अलावा सरगुजा में ACB-EOW की टीम ने पशु चिकित्सक डॉ. तनवीर अहमद और अंबिकापुर के सत्तीपारा निवासी सप्लायर अमित अग्रवाल के ठिकानों पर रेड की।

टीम यहां वित्तीय लेन-देन और विभागीय रिकॉर्ड से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। कोंडागांव में कारोबारी कोणार्क जैन के घर और अन्य ठिकानों पर टीम ने आज सुबह एक साथ रेड की गयी। कोणार्क जैन वर्ष 2019-20 में डीएमएफ सप्लाई कार्यों से जुड़े रहे थे। टीम यहां दस्तावेजों और लेन-देन से संबंधित रिकॉर्ड की जांच कर रही है। आपको बता दे इससे पहले 29 अक्टूबर को DMF घोटाले से जुड़े सप्लायरों के 14 ठिकानों परACB-EOW की संयुक्त टीमों ने छापेमारी की थी।

रायपुर में पचपेड़ी नाका स्थित वॉलफोर्ट इन्क्लेव में अशोक और अमित कोठारी के घर टीम ने रेड की थी। इनका कारोबार कृषि कच्चा माल, खाद्य पदार्थ से जुड़ा है। वहीं, राजनांदगांव शहर के भारत माता चौक स्थित राधा कृष्ण एजेंसी अग्रवाल के निवास, नहटा और भंसाली के ठिकानों पर भी कार्रवाई की गई थी। दुर्ग में महावीर नगर स्थित कारोबारी नीलेश पारख के यहां जांच की गई, जबकि धमतरी के सिर्री में 5 घंटे की कार्रवाई के बाद टीम लौट गई थी।