अगहन मास का पवित्र महीना में पूजन का बहुत महत्व-आचार्य श्री
November 13, 2025अगहन गुरुवार लक्ष्मी व्रत कथा
, (विधि और विधान माहात्म्य सहित)
कार्तिक मास के बाद आने वाले अगहन मास के प्रत्येक गुरुवार को महालक्ष्मी जी के बड़े विधि विधान से पूजा कर उन्हें प्रसन्न किया जाता है। घर में महिलाएं दिनभर व्रत धारण करती है और कथा सुनकर मां लक्ष्मी को याद करती है। महिलाएं माता लक्ष्मी को प्रसन्न करके मनवांछित फल की कामना करती है।
अगहन मास में प्रत्येक गुरुवार को मां लक्ष्मी भगवान विष्णु और मां तुलसी का सामूहिक पूजन किया जाता है।
इस व्रत को कोई भी स्त्री पुरुष कर सकते हैं।
विशेषकर गृहस्थ दंपती दोनों एक साथ इस व्रत को कर सकते हैं।
मास एवं तिथि का महत्त्व
अगहन (मार्गशीर्ष) मास भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गीता उपदेश मास कहा गया है।
इस मास में प्रत्येक गुरुवार के दिन लक्ष्मी-व्रत करने से देवी महालक्ष्मी अत्यंत प्रसन्न होती हैं।
अगहन ( मार्गशीर्ष )में पूजित लक्ष्मी को गृहलक्ष्मी व्रत या धनदा गृहेश्वरी महालक्ष्मी व्रत कहा जाता है।
जो व्यक्ति इस व्रत को श्रद्धा से करता है, उसके घर में दरिद्रता, रोग और क्लेश कभी नहीं ठहरते।
इस बर्ष अगहन मास 2025 में कुल 5 गुरुवार को यह व्रत
रखा जायेगा।
पहला गुरुवार – 06 नवंबर अगहन कृष्ण प्रतिपदा तिथि
दूसरा गुरुवार – 13 नवंबर अगहन कृष्ण नवमीं तिथि
तीसरा गुरुवार – 20 नवंबर अगहन पूर्णिमा
चौथा गुरुवार – 27 नवंबर अगहन शुक्ल सप्तमी
पांचवा गुरुवार – 04 दिसंबर अगहन पूर्णिमा
१. व्रत का संकल्प एवं पूर्व तैयारी
व्रत से एक दिन पूर्व बुधवार की सायंकाल को —
घर को अच्छे से धो-पोछकर स्वच्छ करें।
मुख्य द्वार व पूजा स्थान पर आटे या चावल के घोल से माता लक्ष्मी के पदचिह्न बनाएं।
दरवाजे पर आम्रपल्लव, केले के स्तंभ और दीपक रखें।
रात में दीप जलाकर माता को “आमंत्रण” दें कि —
“हे लक्ष्मी माता! कल आपके स्वागत हेतु यह दीप मेरे द्वार पर प्रज्वलित रहेगा।”
२. पूजा सामग्री
क्रम सामग्री उपयोग
१ कलश, गंगाजल, आम्रपल्लव, नारियल पूजन स्थापना हेतु
२ लाल वस्त्र, फूल, चावल, दूर्वा देवी पूजन में
३ धूप, दीप, रोली, अक्षत आराधना हेतु
४ खीर, आंवला, बेर, सीताफल, पान, सुपारी नैवेद्य हेतु
५ लक्ष्मी-नारायण चित्र या यंत्र आराधना हेतु
(तुलसी पौधे का पूजन आवश्यक है)
६ श्रीसूक्त, कनकधारा स्तोत्र,लक्ष्मी अष्टोत्तर नामावली
सहस्रनाम चालीसा पाठ अपनी सुविधानुसार करें।
७.अन्य उपाय
संभव हो तो गुरुवार को केले के पेड़ की भी पूजा करें और उसमें गुड़ और चने की दाल अर्पित करें।
लाल गाय को चना दाल और गुड़ खिलाना भी शुभ माना जाता है।
३. व्रत दिन की पूजन-विधि
(१) स्नान और संकल्प
प्रातःकाल स्नान करें, पीले या लाल वस्त्र धारण करें।
गुरुवार व्रत का संकल्प लें —
> 🕉️ “अगहन मासे गुरुवासरे महालक्ष्मीप्रसादसिद्ध्यर्थं व्रतं करिष्ये।”
(२) कलश स्थापना
कलश में गंगाजल भरें, आम्रपल्लव और नारियल रखें।
स्वस्तिक चिन्ह बनाकर पूजन करें —
> “कलशस्य मुखे विष्णुः कण्ठे रुद्रः स्थितो महान् ।
मूले तत्र स्थिता देवी सर्वतीर्थमयो हि सः ॥”
(३) देवी आवाहन
लक्ष्मी-नारायण के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित करें।
फूल और अक्षत लेकर प्रार्थना करें —
> “ॐ श्रीं ह्रीं क्लीं महालक्ष्म्यै नमः।
आवाहयामि संस्थापयामि पूजयामि नमः॥”
(४) पाद्य-अर्घ्य-आचमन
तीन बार जल अर्पण करें —
“ॐ लक्ष्म्यै नमः पाद्यं समर्पयामि।
ॐ श्रीं नमः अर्घ्यं समर्पयामि।
ॐ ह्रीं नमः आचमनीयं समर्पयामि।”
(५) पूजन एवं अर्पण
पुष्प, चंदन, अक्षत, धूप, दीप क्रमशः अर्पित करें।
दीप जलाकर माँ की आराधना करें।
भोग में खीर, आंवला, बेर, गुड़, चावल, खिचड़ी रखें।
(भोग: दोपहर 12 बजे के आसपास चावल की खीर, अनरसा या अपने सुविधानुसार अन्य सात्विक व्यंजनों का भोग लगाएं।
प्रसाद ग्रहण: शाम को आरती के बाद प्रसाद ग्रहण करके व्रत खोलें और इस दौरान सिर्फ एक समय भोजन करें। )
निम्नलिखित मंत्र जितना संभव हो जपें —
ॐ ह्रीं ह्रीं श्रीं श्रौं लक्ष्मी वासुदेवाय नमः।
ॐ श्रीं ह्रीं क्लीं महालक्ष्म्यै नमः।
ॐ वं श्रीं वं ऐं ह्रीं श्रीं क्लीं गृहलक्ष्म्यै नमः।
ॐ ह्रीं ह्रीं ह्रीं स्वर्ण महालक्ष्म्यै मम गृहे आगच्छतु ह्री ह्री ह्री
नमः।
।
> “ॐ श्रीं ह्रीं क्लीं श्री सिद्धि स्वाहा।
ॐ महालक्ष्म्यै नमः।
ॐ धनदाय नमः।”
(६) कथा-श्रवण
पूजन के बाद लक्ष्मी व्रत कथा सुनें या पढ़ें। फिर आरती करें
अगहन गुरुवार महालक्ष्मी व्रत कथा-
आचार्य श्री ने कहा कि
भारतवर्ष के सौराष्ट्र देश के द्वापर युग की यह कहानी है। सौराष्ट्र में उसे वक्त भद्रश्रवा नाम के राजा रहते थे, वह बहुत पराक्रमी राजा थे।उन्हें चार वेद, छह शास्त्र और 18 पुराणो का ज्ञान था। उनकी रानी का नाम सूरतचंद्रिका था, रानी दिखने में सुंदर व सुलक्षणा थी और पतिव्रता थी। उन दोनों को सात पुत्र थे और उसके बाद उन्हें एक कन्या का वरदान मिला था। उन्होंने कन्या का नाम शामबाला रखा था। एक बार महालक्ष्मी जी के मन में आया की जाकर उन राजा के राज प्रसाद में रहे इससे राजा को दुगनी धन संपत्ति प्राप्त होगी वह धन दौलत से उसकी प्रजा को और सुख दे पाएंगे। गरीब के घर जाने पर वह स्वार्थी होकर केवल अपने ऊपर ही खर्च करेगा। ऐसा सोचकर उन्होंने एक बुढी़ ब्राह्मण स्त्री का रूप धारण कर हाथ में लाठी लेकर रानी के द्वार तक पहुंची। उन्हें देखकर एक दासी सामने आई, उसने उनके बारे में पूछा। बुढी़ का रूप धारण किए महालक्ष्मी जी ने कहा- मेरा नाम कमला है व मेरे पति का नाम भुवनेश है और हम द्वारिका में रहते हैं।उसने बताया कि तुम्हारी रानी पिछले जन्म में एक गरीब वैश्य की पत्नी थी। दरिद्रता के कारण रोज उन में झगड़े होते तथा उसका पति उसे रोज पिटता था जिससे परेशान होकर वह उसे छोड़कर जंगल चली गई और खाली पेट भटकने लगी। उसकी दुर्दशा पर मुझे दया आई। तब मैंने उसे सुख संपत्ति देने वाली श्री महालक्ष्मी जी की कथा सुनाई और मेरे कहने पर उसने उनका व्रत किया। जिससे देवी ने प्रसन्न होकर उसे गरीबी दूर होने का आशीर्वाद दिया। जिस कारण उसका घर, दौलत वह संपत्ति से भर गया और बाद में पति-पत्नी परलोक सुधारे। श्री महालक्ष्मी जी का व्रत करने के कारण वे दोनों महालक्ष्मी लोक में रहे। इसी कारण उनका जन्म राजघराने में हुआ, परंतु व महालक्ष्मी जी का व्रत करना भूल गई। इसके बाद दासी उनको प्रणाम कर रानी को बताने अंदर चली गई। राजसुख में रहते हुए रानी को अपने ऐश्वर्याश का बहुत घमंड था। दासी द्वारा बुढ़िया की बातें सुनकर वह क्रोधित हो राज द्वार पर आकर बुढ़िया रूपी दूसरों को भला बुरा कहा।रानी सूरतचंद्रिका के इस प्रकार के बर्ताव व अनादर देखकर माता ने वहां ठहरना उचित नहीं समझा और वहां से चल पड़ी। चालते समय उन्हें राजकुमारी शामबाला मिली, उन्होंने शामबाला को सारी बातें बताई। राजकुमारी ने बातों के लिए उनसे क्षमा मांगी। माता को उस पर दया आ गई। उस दिन अगहन माह का पहला गुरुवार था, उन्होंने राजकुमारी को श्री महालक्ष्मी जी के व्रत के बारे में बताया। राजकुमारी ने श्रद्धापूर्वक व्रत रखा। जिसके फल स्वरुप उसका विवाह राजा सिद्धेश्वर के पुत्र मालाधार के साथ हुआ और वह ससुराल में आनंदपूर्वक दिन बिताने लगी। इधर रानी पर श्री महालक्ष्मी जी का प्रकोप हुआ जिसके फल स्वरुप राजा भद्रश्रवा का समस्त राजपाठ समाप्त हो गया। उसकी आर्थिक स्थिति इतनी खराब हो गई कि उन्हें दो वक्त का खाना भी बड़ी मुश्किल से मिल पाता था। एक दिन रानी सूरतचंद्रिका ने राजा को आग्रह किया कि हमारा दामाद, धनवान व ऐश्वर्यशाली राजा है , क्यों ना आप उसके पास जाकर उसे अपनी स्थिति से अवगत काराये वह हमारी मदद जरूर करेगा। राजा भद्रश्रवा को रानी सूरतचंद्रिका की बात सही लगी वह तुरंत दामाद के पास चले गए।दामाद के राज्य पहुंचकर एक तालाब के किनारे कुछ देर विश्राम करने ठहरे। तभी तालाब के किनारे पानी लेने आते जाते दासी ने उन्हें देखकर विनम्रता से पूछा तो उन्हें ज्ञात हुआ कि वह रानी शामबाला के पिता है। वह दौड़कर रानी को सारी बातें बताई। रानी ने अपने पिता का बड़े आदर सत्कार से स्वागत किया। खान-पान करवाया तब पिता ने अपनी पुत्री को स्थिति से अवगत कराया। फिर जब वह लौटने लगे तो पुत्री ने उन्हें सोने की मोहरों से भरा घड़ा दिया । राजा भद्रश्रवा जब वापस लौटे तो उन्हें देखकर रानी सूरतचंद्रिका खुश हुई। उन्होंने सोने की मोहरों से भरे घड़े का मुंह खोला तो देखा उसमें धन के बदले कोयले रखे हुए मिले। यह सब श्री महालक्ष्मी जी के प्रकोप से ही हुआ था। इसी तरह कई दिन बीत जाने के बाद रानी स्वयं अपनी पुत्री के पास गई। वह दिन अगहन मास का अंतिम गुरुवार था पुत्री शामबाला ने श्री महालक्ष्मी जी का व्रत रखा और अपनी माता सूरतचंद्रिका से भी करवाया तथा दोनों ने संपूर्ण विधि विधान से पूजा की। इसके बाद रानी सूरज चंद्रिका अपनी पुत्री के यहां से घर लौट आई।व्रत रखने से उसे फिर से अपना राजपाठ, धन दौलत व ऐश्वर्य की प्राप्ति हुई। कुछ दिनों के उपरांत उनकी पुत्री शामबाला अपने माता-पिता के घर आई। अपनी पुत्री को घर में देखकर रानी को पुरानी बातें याद आई कि कैसे उसने घड़े में कोयला दिया था। इसी परिणाम स्वरुप उसकी माता-पिता के घर आने पर कोई आदर सत्कार नहीं मिला बल्कि अनादर ही हुआ। किंतु उसने इस बात का बुरा नहीं माना और अपने घर लौटते समय थोड़ा सा नमक ले लिया घर लौटने पर उसके पति ने पूछा कि अपने मायके से क्या लाई हो ? इस पर उसने जवाब दिया-वहां का सार लाई हूं। पति ने पूछा इस बात का क्या मतलब हुआ? शामबाला ने कहा थोड़ा धीरज रखे आपको शीघ्र ही ज्ञात हो जाएगा। उस दिन शामबाला ने सारा भोजन बगैर नमक डाले ही बनाकर परोसा।पति ने खाना चखा। सारा खान बिना नमक का था इसलिए स्वाद नहीं आया। फिर शामबाला ने थोड़ा सा नमक डाला जिससे भोजन स्वादिष्ट लगने लगा। तभी शामबाला ने पति से कहा- यही है वह मायके से लाया हुआ सार। पति को उसकी सारी बातें समझ आ गई और वह हंसी-खुशी भोजन करने लगे। इस तरह जो भी श्रद्धा भाव से श्री महालक्ष्मी जी का व्रत रख कर पूजा करे तो उसे पर माता की कृपा होती है और उसे सुख संपत्ति व शांति की प्राप्ति होती है तथा सारी मनोकामनाएं पूरी होती है। सब कुछ प्राप्त होने पर भी महालक्ष्मी जी की पूजा करना नहीं भूलना चाहिए। हर गुरुवार को व्रत पाठ अवश्य करना चाहिए जिससे महालक्ष्मी जी की कृपा भक्तों पर हमेशा बनी रहे।
।। इति श्री शुभम् कथा समाप्त फिर
माता लक्ष्मी की आरती।🌷🌷
ओम जय लक्ष्मी माता, मैया जय लक्ष्मी माता।
तुमको निशिदिन सेवत, हरि विष्णु विधाता॥ ओम जय लक्ष्मी माता॥
उमा, रमा, ब्रह्माणी, तुम ही जग-माता। मैया तुम ही जग-माता।।
सूर्य-चंद्रमा ध्यावत, नारद ऋषि गाता॥ ओम जय लक्ष्मी माता॥
दुर्गा रुप निरंजनी, सुख सम्पत्ति दाता। मैया सुख सम्पत्ति दाता॥
जो कोई तुमको ध्याता, ऋद्धि-सिद्धि धन पाता॥ ओम जय लक्ष्मी माता॥
तुम पाताल-निवासिनि, तुम ही शुभदाता। मैया तुम ही शुभदाता॥
कर्म-प्रभाव-प्रकाशिनी, भवनिधि की त्राता॥ ओम जय लक्ष्मी माता॥
जिस घर में तुम रहतीं, सब सद्गुण आता। मैया सब सद्गुण आता॥
सब सम्भव हो जाता, मन नहीं घबराता॥ ओम जय लक्ष्मी माता॥
तुम बिन यज्ञ न होते, वस्त्र न कोई पाता। मैया वस्त्र न कोई पाता॥
खान-पान का वैभव, सब तुमसे आता॥ ओम जय लक्ष्मी माता॥
शुभ-गुण मंदिर सुंदर, क्षीरोदधि-जाता। मैया क्षीरोदधि-जाता॥
रत्न चतुर्दश तुम बिन, कोई नहीं पाता॥ ओम जय लक्ष्मी माता॥
महालक्ष्मीजी की आरती, जो कोई जन गाता। मैया जो कोई जन गाता॥
उर आनन्द समाता, पाप उतर जाता॥ ओम जय लक्ष्मी माता॥
ऊं जय लक्ष्मी माता, मैया जय लक्ष्मी माता। तुमको निशदिन सेवत, हरि विष्णु विधाता। ऊं जय लक्ष्मी माता।।
।।बोलो श्री महालक्ष्मी जी की जय हो
६. व्रत के नियम व निषेध
1. व्रत के दिन नमक रहित या फलाहार करें।
2. पीले, सफेद या लाल वस्त्र धारण करें।
3. क्रोध, कटु वचन, विवाद से दूर रहें।
4. किसी को अपमानित न करें, ब्राह्मण अथवा स्त्री का आदर करें।
5. सायंकाल दीपदान व कथा-श्रवण करें।
6. अंत में ब्राह्मण को दक्षिणा, वस्त्र या अन्न दान दें।
७. व्रत का फल
धन, धान्य, सुख, शांति, आरोग्य की वृद्धि।
गृहक्लेश, रोग, ऋण, शत्रु-दोष नाश।
घर में स्थायिनी लक्ष्मी का वास।
भगवान विष्णु और देवी लक्ष्मी की अखंड कृपा।
प्रार्थना
> “हे अगहन-मास-समये महालक्ष्मि देवि!
जो इस व्रत को श्रद्धा से करता है,
उसके जीवन में सुख-समृद्धि, शांति और संतोष का वास हो।
हमारे घर में सदा आपका शुभ पग रहे,
और जीवन में आपके चरणों की कृपा बनी रहे॥”







