महाराजा चौक दुर्ग से शिक्षा मंत्री निवास तक रैली निकाल कर किया गया प्रदर्शन

महाराजा चौक दुर्ग से शिक्षा मंत्री निवास तक रैली निकाल कर किया गया प्रदर्शन

October 27, 2025 0 By Ajeet Yadav

आज 27 अक्टूबर को शिक्षक भर्ती साझा मंच, प्रांतीय समिति, छत्तीसगढ़ के द्ववारा शिक्षकों के रिक्त पदों पर सभी विषयों को शामिल करते हुए अविलंब 57,000 शिक्षक भर्ती करने की मांग पर शिक्षा मंत्री निवास घेराव किया गया। जिसमें महाराजा चौक दुर्ग से शिक्षा मंत्री निवास तक रैली निकाल कर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन कर शिक्षा मंत्री से सीधे बात करने की मांग रखी गई। वर्चुअल बात करने पर शिक्षक भर्ती साझा मंच द्वारा मांग रखी गई कि –
1. सभी विषयों को शामिल कर 57,000 पदों पर शिक्षक भर्ती करनी होगी।
2. भर्ती इसी वित्तीय वर्ष में किया जाए।
3. युक्तियुक्तकरण की नीति वापस लो।
4. 10,463 स्कूल को मर्ज करने की नीति वापस लो।
5. एक नया व्यापम कैलेंडर जारी किया जाए जिसमे शिक्षक भर्ती को परीक्षा तिथि के साथ स्थान दिया जाए।
6. व्यायाम शिक्षक की भर्ती प्राथमिक और हाई स्कूल दोनों स्तर में किया जाए।
7. व्यायाम, कला शिक्षक प्रत्येक स्कूल में अनिवार्य किये जायें।
8. कला संकाय व्याख्याता में भर्ती 14 साल से नहीं आया है हिन्दी संस्कृत राजनीति, इतिहास भूगोल अर्थशास्त्र में भर्ती हो।
बातचीत करने पर शिक्षा मंत्री ने जल्द ही 5000 शिक्षक भर्ती निकालने का आश्वासन दिया गया लेकिन शिक्षक भर्ती साझा मंच द्वारा बात रखी गई कि 5000 नही बल्कि पूरे 57,000 पदों पर शिक्षकों की भर्ती करनी होगी। 1 माह में भर्ती की नोटिफिकेशन न निकलने पर हम अधिक संख्या में महाआंदोलन की तैयारी करेंगे।

ज्ञात हो कि राज्य में छात्र-युवा वर्ग, रिक्त पड़े हजारों शिक्षकों के पदों को न भरे जाने के चलते भारी समस्या का सामना कर रहा है। सिर्फ छात्र युवा ही नही बल्कि शिक्षा से जुड़े शिक्षाविद अभिभावक एवं तमाम शिक्षा प्रेमी इस बात से परेशान हैं कि राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में हजारों शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक पद खाली पड़े हैं। हमारी लचर शिक्षा व्यवस्था का प्रमुख कारण भी यही है। जिसे सुधारने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाने की जरूरत है।
पिछले विधानसभा चुनाव में पूर्व छत्तीसगढ़ भाजपा के द्वारा मोदी की गारंटी के नाम पर 2 वर्ष में 57,000 शिक्षक भर्ती की घोषणा हुई तथा पूर्व शिक्षा मंत्री जी ने अपने चुनावी घोषणा पत्र 2023-2024 में 33 हजार रिक्त पदों पर शिक्षक भर्ती करने का वादा किया था। लेकिन छात्र युवाओं के साथ धोखा हुआ। चुनाव के समय किये गए इस वादे को पूरा न करके जुमले की तरह टाल दिया गया।
छत्तीसगढ़ सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की बात करती है। लेकिन यह गुणवत्ता की बात सिर्फ कागजों एवं फाइलों तक रह गई है। जहां जरूरत है अधिक से अधिक सरकारी स्कूल खोलने एवं शिक्षकों के रिक्त सभी पदों को भरने की तो सरकार युक्तियुक्तकरण के नाम पर 10,463 सरकारी स्कूलों को एवं शिक्षकों के 44 हजार से अधिक रिक्त पदों की खत्म कर रही है। जो कि पूर्ण रूप से आम छात्र एवं आम जनता के साथ धोखा और अन्याय है। जिसके खिलाफ राज्य में छात्र युवा लंबे समय से शिक्षक भर्ती की मांग को लेकर अपनी आवाज उठा रहे हैं।
अंत मे शिक्षक भर्ती साझा मंच द्वारा आव्हान किया गया कि अगर 1 माह के अंदर सूचना जारी नही की जाती है तो हम बड़ी संख्या में सड़क पर उतरेंगे और जोरदार आंदोलन निर्मित करेंगे।