बस्तर में हथियार डालेंगे दो सौ नक्सली, रेड कार्पेट बिछाकर स्वागत करेगी सरकार

बस्तर में हथियार डालेंगे दो सौ नक्सली, रेड कार्पेट बिछाकर स्वागत करेगी सरकार

October 17, 2025 0 By Ajeet Yadav
रायपुर। बस्तर के आज लगभग 200 माओवादी हिंसा का मार्ग त्यागकर सामाजिक मुख्यधारा में शामिल होने जा रहे हैं। इनमें वरिष्ठतम हार्डकोर कैडर भी शामिल हैं।

इन आत्मसमर्पित माओवादी कैडरों के औपचारिक पुनर्समावेशन समारोह का आयोजन शुक्रवार, 17 अक्टूबर को प्रातः 11:00 बजे, रिज़र्व पुलिस लाइन, जगदलपुर (जिला बस्तर) में किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा उपमुख्यमंत्री (गृहमंत्री) विजय शर्मा उपस्थित रहेंगे। गृहमंत्री ने कहा है कि हम नक्सलियो का स्वागत रेड कार्पेट बिछाकर करेंगे।


मुख्यमंत्री साय ने कहा है कि बस्तर की वास्तविक शक्ति उसके लोगों की आत्मनिर्भरता, शिक्षा, आजीविका और सामाजिक सम्मान में निहित है। इन्हीं मूल्यों पर आधारित शासन की नीति ने अब दण्डकारण्य के भीतरी इलाकों तक नई उम्मीद और परिवर्तन का संदेश पहुँचाया है।यह अवसर बस्तर में नक्सल उन्मूलन की दिशा में एक निर्णायक मोड़ का प्रतीक बनेगा।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में शासन ने न केवल सुरक्षा मोर्चे पर ठोस पहल की है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़कों, संचार और आजीविका से जुड़े विकास कार्यों के माध्यम से स्थायी शांति की आधारभूमि भी तैयार की है।यह सफलता पुलिस और सुरक्षा बलों की रणनीतिक मुहिम, स्थानीय प्रशासन के समन्वित प्रयासों, तथा जागरूक समाज और जनप्रतिनिधियों की रचनात्मक भागीदारी का भी परिणाम है।