धान खरीदी में अनियमितता पर कलेक्टर होंगे जिम्मेदार, कलेक्टर्स कॉन्फ्रेंस में सीएम ने दिए निर्देश

धान खरीदी में अनियमितता पर कलेक्टर होंगे जिम्मेदार, कलेक्टर्स कॉन्फ्रेंस में सीएम ने दिए निर्देश

October 13, 2025 0 By Ajeet Yadav


रायपुर। नवा रायपुर स्थित मंत्रालय (महानदी भवन) में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में कलेक्टर्स कॉन्फ्रेंस जारी है। बैठक में सभी विभागीय सचिव, संभागायुक्त और कलेक्टर मौजूद हैं।

सीएम साय ने निर्देश दिया है कि धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होगी, इसलिए सभी जिले तैयारी पूरी करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि खरीदी में किसी भी तरह की अनियमितता की जिम्मेदारी संबंधित कलेक्टर की होगी। प्रभारी सचिवों को जिलों में खरीदी प्रक्रिया की सख्त निगरानी करने और संवेदनशील केंद्रों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि धान खरीदी पूरी पारदर्शिता और सुगमता से होनी चाहिए। इसके लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से निगरानी बढ़ाई जाएगी और अंतरराज्यीय सीमावर्ती क्षेत्रों पर विशेष चौकसी बरती जाएगी।

उन्होंने निर्देश दिया कि विशेष पिछड़ी जनजातियों के किसानों के पंजीयन के लिए विशेष शिविर लगाकर शत प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित किया जाए।

सीएम ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में कोई भी पात्र किसान वंचित न रहे, इसके लिए समयबद्ध कार्रवाई की जाए। योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा की जिम्मेदारी कमिश्नर को सौंपी गई है।

बैठक में सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे, और ग्रामीण हितग्राहियों को बैंक फाइनेंस की सुविधा आसानी से उपलब्ध कराई जाए।