शराब के नशे में स्कूल पहुँची महिला प्रधान पाठक, टेबल पर पैर रख सोती मिलीं, कलेक्टर ने किया निलंबित…
September 21, 2025जांजगीर— सरकारी स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था सुधारने के प्रयासों के बावजूद हालात बिगड़ते जा रहे हैं। शिक्षकों के नशाखोरी के मामलों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। ताजा मामला जांजगीर जिले के अकलतरा विकासखंड स्थित शासकीय प्राथमिक शाला लेवई का है, जहां महिला प्रधान पाठक हीरा पोर्ते शराब के नशे में स्कूल पहुंचीं और टेबल पर पैर रखकर सोती मिलीं।

जांजगीर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए। जांच टीम में एसडीएम अकलतरा, जिला शिक्षा अधिकारी और विकासखंड शिक्षा अधिकारी शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान शिक्षकों, विद्यार्थियों और ग्रामीण जनप्रतिनिधियों ने पुष्टि की कि प्रधान पाठक नशे में विद्यालय पहुंची थीं।
जांच रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर ने महिला प्रधान पाठक हीरा पोर्ते को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया है कि ऐसे आदतन नशेड़ी शिक्षकों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिक्षा व्यवस्था की मर्यादा और विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।



