01:52 PM, 30-May-2026
डीके शिवकुमार ही होंगे कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री- सतीश जारकीहोली
कांग्रेस नेता सतीश जारकीहोली ने स्पष्ट कहा है कि डीके शिवकुमार ही राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद इस बात को लेकर कोई संदेह नहीं रह गया है।
जारकीहोली ने कहा, “हाईकमान ने फैसला कर लिया है कि डीके शिवकुमार हमारे अगले मुख्यमंत्री होंगे। इसकी घोषणा पहले ही हो चुकी है। सिद्धारमैया भी इसका एलान कर चुके हैं। हमें उम्मीद है कि सिद्धारमैया सरकार के दौरान हुए अच्छे काम आगे भी जारी रहेंगे। यह एक बड़ी जिम्मेदारी है और हमारे नए मुख्यमंत्री इसे निभाएंगे।”
सिद्धारमैया की भविष्य की राजनीतिक भूमिका पर बोलते हुए जारकीहोली ने बताया कि कांग्रेस हाईकमान ने उन्हें राज्यसभा सीट की पेशकश की थी, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि सिद्धारमैया राज्य की राजनीति में सक्रिय बने रहना चाहते हैं और उनका लक्ष्य 2028 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को फिर से सत्ता में लाना है।
01:24 PM, 30-May-2026
लोकभवन से लौटे डीके शिवकुमार
कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार आज राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मुलाकात के बाद अपने आवास लौट आए। उन्होंने दिन में लोक भवन पहुंचकर राज्यपाल से भेंट की थी। सूत्रों के अनुसार, यह मुलाकात नई सरकार के गठन और संभावित शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों के संदर्भ में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन के बीच डीके शिवकुमार को राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनाए जाने की चर्चाएं तेज हैं।
12:53 PM, 30-May-2026
कर्नाटक कैबिनेट में यतींद्र की एंट्री पर कांग्रेस का बयान
कर्नाटक में नई सरकार के गठन को लेकर जारी चर्चाओं के बीच कांग्रेस नेता बिलकिस बानो ने कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के बेटे यतींद्र सिद्धारमैया को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा या नहीं, इस पर अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान करेगा।
यतींद्र सिद्धारमैया को कैबिनेट में जगह मिलने की अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए बानो ने कहा, “इस बारे में मुझे जानकारी नहीं है। यह फैसला हाईकमान के हाथ में है। युवाओं की ओर से भी उनकी मांग की जा रही है। यदि पार्टी निर्णय लेती है तो वह भी कैबिनेट मंत्री बन सकते हैं।”
उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता और नेता हमेशा हाईकमान के फैसले का सम्मान करेंगे। बानो ने बताया कि कांग्रेस विधायक दल (CLP) की बैठक शनिवार शाम 4 बजे बुलाई गई है, जिसमें पार्टी के महासचिव भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा, “बैठक में हाईकमान का संदेश विधायकों तक पहुंचाया जाएगा और उसके बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा।”
12:39 PM, 30-May-2026
कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन के बीच सिद्धारमैया ने बेटे यतींद्र के लिए डिप्टी सीएम पद की मांग की
कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन के बीच पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अपने बेटे और कांग्रेस एमएलसी यतींद्र सिद्धारमैया के लिए उपमुख्यमंत्री पद की मांग की है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सिद्धारमैया ने यह मांग कांग्रेस हाईकमान के समक्ष दिल्ली में हुई बैठकों के दौरान रखी।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद नई सरकार के गठन को लेकर कांग्रेस नेतृत्व लगातार मंथन कर रहा है। इसी क्रम में सिद्धारमैया ने यतींद्र को सरकार में महत्वपूर्ण भूमिका देने की पैरवी की है। कांग्रेस हाईकमान राज्य में नए मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के गठन के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों पर भी विचार कर रहा है।
12:13 PM, 30-May-2026
कर्नाटक में डिप्टी सीएम पद पर फैसला हाईकमान करेगा
कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन के बीच उपमुख्यमंत्री पद को लेकर जारी चर्चाओं पर कांग्रेस एमएलसी इवान डिसूजा ने कहा है कि इस संबंध में अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान ही करेगा। डिसूजा ने कहा कि डिप्टी सीएम पद के लिए कई योग्य और दावेदार नेता मौजूद हैं। हालांकि, कांग्रेस विधायक दल (CLP) के नेता के चयन के बाद ही हाईकमान इस मुद्दे पर निर्णय लेगा। उन्होंने कहा कि अगला उपमुख्यमंत्री कौन होगा, इसका फैसला हाईकमान करेगा। फिलहाल जिन नामों की चर्चा हो रही है, वे केवल अटकलें हैं। अभी तक किसी नाम पर आधिकारिक मुहर नहीं लगी है।
12:03 PM, 30-May-2026
डीके शिवकुमार ही बनेंगे मुख्यमंत्री, CLP बैठक से पहले कांग्रेस विधायक का दावा
कर्नाटक में कांग्रेस विधायक दल (CLP) की बैठक से पहले कांग्रेस विधायक यासिर अहमद खान पठान ने दावा किया है कि डीके शिवकुमार ही राज्य के अगले मुख्यमंत्री बनेंगे। पठान ने कहा कि रविवार शाम 4 बजे CLP की बैठक बुलाई गई है, जिसमें डीके शिवकुमार, सिद्धारमैया, कांग्रेस के कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला और सभी विधायक शामिल होंगे। बैठक में विधायक दल के नेता का चयन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि डीके शिवकुमार निश्चित रूप से मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने पिछले 40 वर्षों से पार्टी के लिए कड़ी मेहनत की है। वह 100 प्रतिशत हमारे मुख्यमंत्री होंगे।
11:52 AM, 30-May-2026
कब और कहां हो सकता है शपथ ग्रहण?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार शपथ ग्रहण समारोह रविवार या सोमवार को हो सकता है। वहीं कुछ रिपोर्टों में अगले सप्ताह, संभवतः बुधवार को शपथ ग्रहण होने की संभावना जताई गई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
इस बीच, शपथ ग्रहण समारोह के आयोजन स्थल को लेकर भी विचार-विमर्श जारी है। सूत्रों के मुताबिक, समारोह राजभवन में आयोजित किया जाए या फिर विधान सौधा की भव्य सीढ़ियों पर, इस पर अंतिम निर्णय लिया जाना बाकी है। हालांकि, विधान सौधा परिसर के आसपास तैयारियों की गतिविधियां शुरू होने से अटकलें तेज हो गई हैं कि शपथ ग्रहण का आयोजन वहीं किया जा सकता है।
11:28 AM, 30-May-2026
राज्यपाल से मिले डीके शिवकुमार
कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने शनिवार को राजभवन में राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मुलाकात की। यह मुलाकात कांग्रेस विधायक दल (CLP) का नेता चुने जाने की संभावित प्रक्रिया से पहले हुई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शिवकुमार ने राज्यपाल से नए मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर अनौपचारिक चर्चा की। बताया जा रहा है कि राज्यपाल शनिवार को दक्षिण कन्नड़ जिले के धर्मस्थल रवाना होने वाले हैं, जहां वे रविवार को उपराष्ट्रपति के एक कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसी वजह से शपथ ग्रहण की तैयारियों को लेकर पहले से चर्चा की गई।
11:12 AM, 30-May-2026
कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष पद पर सस्पेंस बरकरार
कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद को लेकर तस्वीर साफ होने के बावजूद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर अभी अंतिम फैसला नहीं हो पाया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस पद के लिए सतीश जारकीहोली सबसे मजबूत दावेदार बने हुए हैं। जानकारी के मुताबिक, जारकीहोली ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी के साथ मंत्रिमंडल में भी जगह देने की मांग की है। यह व्यवस्था वैसी ही होगी जैसी पहले डीके शिवकुमार के पास थी, जब वह एक साथ सरकार में मंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दोनों पद संभाल रहे थे।
हालांकि, कांग्रेस हाईकमान इस बात पर भी विचार कर रहा है कि राज्य अध्यक्ष को पूरी तरह संगठनात्मक कामकाज पर ध्यान देना चाहिए या नहीं। सूत्रों का कहना है कि कर्नाटक में अगले विधानसभा चुनाव करीब दो वर्ष बाद होने हैं, ऐसे में पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए पूर्णकालिक अध्यक्ष की जरूरत पर भी मंथन चल रहा है।
10:56 AM, 30-May-2026
कौन-कौन हो सकता है बैठक में शामिल?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बैठक की अध्यक्षता पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया करेंगे, जबकि संभावित मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, कांग्रेस महासचिव व कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता इसमें शामिल होंगे। सूत्रों के मुताबिक, डीके शिवकुमार के नेतृत्व में बनने वाली नई सरकार के मंत्रिमंडल के स्वरूप पर बैठक में विस्तृत चर्चा की जाएगी। कांग्रेस नेतृत्व विभिन्न क्षेत्रों, जातीय समूहों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को प्रतिनिधित्व देने के फार्मूले पर विचार कर रहा है।
जानकारी के अनुसार, नई कैबिनेट में कई वरिष्ठ नेताओं को जगह मिल सकती है। संभावित मंत्रियों की सूची में के.जे. जॉर्ज, यू.टी. खादर, प्रियंक खरगे, रामलिंगा रेड्डी, कृष्णा बायरे गौड़ा, एम.बी. पाटिल, यतींद्र सिद्धारमैया, जी. परमेश्वर, दिनेश गुंडू राव और एन. चालुवरायस्वामी जैसे नेताओं के नाम शामिल बताए जा रहे हैं।




